शहर में रात में कर्फ्यू का समय बढ़ा तो व्यापारी बोले, अब दुकानों को नौ बजे तक खोलने दिया जाए Meerut News
कर्फ्यू का समय रात दस बजे से करने के साथ व्यापारियों में दुकानों को बंद करने का समय बढ़ाने की मांग जोर पकड़ रही है। व्यापारियों का कहना है कि नौ बजे तक दुकानें खोली जाएं।
मेरठ, जेएनएन। कर्फ्यू का समय रात दस बजे से करने के साथ ही व्यापारियों में दुकानों को बंद करने का समय बढ़ाने की मांग जोर पकड़ रही है। व्यापारियों का कहना है कि खरीदारी करने के लिए लोग शाम को ही निकलते हैं। ऐसे में सात बजे बाजार बंद होने से व्यापार पर खासा असर पड़ रहा है। कुछ प्रमुख बाजारों के व्यापारियों का यह कहना है कि प्रशासन को चाहिए कि अब शहर के सभी बाजारों में दुकानों को रात में नौ बजे तक खोलने की अनुमित प्रदान करें।
बाजार में ग्राहक गायब
बेगमपुल व्यापार संघ के महामंत्री पुनीत शर्मा ने कहा कि दिन में गृहणियां घर के कामकाज में और पुरुष काम धंधे के सिलसिले में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में निकलना मुश्किल हो जाता है। प्रशासन चाहे तो सुबह दुकानें खोले जाने का समय बढ़ा दे लेकिन रात में नौ बजे तक दुकानें खोलने की अनुमति दी। सदर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील दुआ ने कहा कि बाजार में ग्राहक गायब हैं। अगर नौ बजे बाजार खुलेंगे तो ग्राहकों को सुविधा होगी और वह बाजार का रुख करेंगे।
प्रशासन के सामने उठेगा मुद्दा
सेंट्रल मार्केट व्यापार संघ के किशोर वाधवा ने कहा कि शास्त्रीनगर और जागृति विहार के लोग खरीदारी करने आते हैं। सात बजे दुकानें बंद करने का समय उपयुक्त नहीं है। इसे नौ बजे तक किया जाना चाहिए। संयुक्त व्यापार संघ के उपाध्यक्ष कमल ठाकुर ने कहा कि ग्राहकों की सुविधा के लिहाज से रात में दुकानों का समय नौ बजे तक करना जरूरी है। शासन ने भी सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक व्यापार की अनुमति दी है। प्रशासन के समक्ष इस मुद्दे को उठाया जाएगा।