अब डीएनए बताएगा आरोपित कौन, कब्र से निकाला भ्रूण
14 वर्षीय लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला। जेल में बंद एक आरोपित का लिया गया खून का नमूना
मेरठ। 14 वर्षीय लड़की से सामूहिक दुष्कर्म के मामले में अब डीएनए बताएगा कि आरोपित कौन है। शनिवार को सैंपल लेने के लिए भू्रण को कब्र से निकाला गया, जबकि जेल में बंद एक आरोपित के खून का नमूना भी लिया गया है। अब तलाश फरार आरोपित की है, क्योंकि उसका भी नमूना लिया जाना है। डीएनए जांच की मांग जेल में बंद आरोपित के परिजनों ने की थी, क्योंकि उनका कहना है कि हसन को झूठा फंसाया जा रहा है।
लिसाड़ी गेट क्षेत्र की एक कालोनी निवासी महिला 18 मई को अपनी बेटी के साथ थैले में भ्रूण लेकर एसएसपी दफ्तर पहुंची थी। महिला ने कहा था कि करीब 10 माह पूर्व वह काम पर गई थी। घर में उसकी बेटी अकेली थी। तभी कालोनी में ही रहने वाले आदिल और हसन अपने एक साथी के साथ घर में घुस गए और तमंचे के बल पर बेटी से सामूहिक दुष्कर्म किया। उसकी अश्लील वीडियो बना ली और उसे वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करते रहे। बेटी गर्भवती हुई तो आरोपितों ने 15 मई को जबरन दवाई देकर गर्भपात करा दिया। मामले में हसन जेल में बंद है।
थाना प्रभारी मोहम्मद असलम ने बताया कि हसन के परिजनों ने झूठा फंसाने का आरोप लगाया था। उन्होंने डीएनए जांच की मांग की थी। विवेचक एमपी सिंह की निगरानी में भू्रण कब्र से निकाला गया। पोस्टमार्टम हाउस पर भ्रूण का नमूना लेने के बाद उसे दफना दिया जाएगा। हसन का जेल में ही नमूना लिया जा चुका है। फरार आरोपित आदिल की तलाश की जा रही है। उसका नमूना भी लिया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।