मेरठ में नितिन हत्याकांड के आरोपितों के घरों पर चला बुलडोजर, ग्रामीणों ने गणेशपुर तिराहे पर शव रखकर लगाया 6 घंटे जाम
Meerut News: मेरठ में नितिन की हत्या के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने गणेशपुर तिराहे पर शव रखकर छह घंटे तक ...और पढ़ें

हस्तिनापुर नितिन हत्याकांड के आरोपित मिट्ठू के घर पर चला बुलडोजर।
HighLights
ग्रामीणों ने हत्यारोपितों के एनकाउंटर व बुलडोजर कार्रवाई की मांग की।
राज्यमंत्री दिनेश खटीक और एसपी देहात अभिजीत सिंह भी मौके पर पहुंचे।
संवाद सूत्र, हस्तिनापुर (मेरठ)। शुक्रवार को क्षेत्र में हुई युवक नितिन की गई हत्या के बाद से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। पुलिस-प्रशासन ने हत्यारोपितों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई की। इससे पूर्व शनिवार सुबह जब पोस्टमार्टम के बाद नितिन का शव गांव लाया जा रहा था तो आक्रोशित ग्रामीणों और स्वजन ने शव को गांव पहुंचने से पहले ही गणेशपुर तिराहे पर सड़क के बीचों-बीच रखकर प्रातः लगभग सात बजे से भीषण जाम लगा दिया।
सड़क पर शव रखकर उग्र प्रदर्शन कर रहे लोगों के कारण मौके पर भारी गहमागहमी और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया।

मामले की गंभीरता और बढ़ते तनाव की सूचना मिलते ही जलशक्ति राज्य मंत्री दिनेश खटीक और एसपी देहात अभिजीत सिंह भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने और शांति व्यवस्था कायम करने का काफी प्रयास किया, लेकिन गुस्साए लोग प्रशासनिक आश्वासनों को मानने के लिए तैयार नहीं हुए।
ग्रामीणों का कहना है कि हत्यारोपितों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए। प्रदर्शनकारी मांग पर अड़े हैं कि जब तक पुलिस हत्यारोपितों का एनकाउंटर नहीं करती या फिर उनके घरों पर शासन का बुल्डोजर नहीं चलता, तब तक शव को सड़क से नहीं हटाया जाएगा और न ही जाम खोला जाएगा। राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने भी पीडित परिवार व ग्रामीणों को समझाने व कठोर कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि वे इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़े है।
वे आरापितों को कठोर सजा दिलाकर रहेंगे जो प्रदेश में नजीर बनेगी। घटनास्थल पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्वजन को मनाने के लिए लगातार वार्ता करते रहे। दोपहर लगभग एक बजे जाम खोल दिया गया।
यह भी पढ़ें- मेरठ में युवक की गोली मारकर हत्या, परिवार का इकलौता बेटा था नितिन; छह माह पहले हुई थी शादी
आरोपितों के घरों पर चला बुलडोजर
घटना के आरोपित सत्य उर्फ मिट्ठू निवासी जे ब्लाक हस्तिनापुर‚ उत्सव निवासी पाली व गोल्डी निवासी रानी नंगला के घर पर बुलडोजर की कार्रवाई की गई। सबसे पहले मिट्ठू पुत्र विवेक वर्धन उर्फ पिंकी चौधरी के घर पर बुलडोजर चला। बुलडोजर से मकान के ऊपर लगी रेलिंग तोडी गई। सूचना पाकर कुछ लोग भी मौके पर पहुंच गए और आरोपित के घर का ताला तोड़कर घर में बंधी गाय व कुत्ते को बाहर निकाला।
इसके बाद पुलिस ने मकान पर नया ताला लगा दिया। इसके बाद उत्सव व गोल्डी के घर पर भी बुलडोजर की कार्रवाई की गई। इसके बाद लगभग छह घंटे बाद गणेशपुर तिराहे से जाम खुला और ग्रामीण शव को गांव ले गए। जहां से उसका हस्तिनापुर स्थित शमशान घाट लाकर अंतिम संस्कार कर दिया गया।
