एनआइए ने केएलएफ के सदस्य जावेद का घर खंगाला, दीवारों से लेकर लेंटर तक किए चेक
जावेद के खिलाफ पंजाब में हथियार सप्लाई करने का मुकदमा दर्ज था। खालिस्तान लिबरेशन फोर्स को हथियार सप्लाई करने में जावेद जेल गया। मेरठ में बंद पड़े जावेद के दो मकानों की दीवारों को भी एनआइए ने जांच की।
मेरठ, जेएनएन। केएलएफ (खालिस्तान लिबरेशन फोर्स) को हथियार सप्लाई करने में पकड़े गए सदस्य जावेद के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में बंद पड़े दो मकानों की एनआइए (राष्ट्रीय जांच एजेंसी) की टीम ने तलाशी ली। टीम ने मकान की दीवारों से लेकर लेंटर तक चेक किए, ताकि हथियारों के जखीरे का पता चल सके, लेकिन टीम को वहां से हथियार नहीं मिले।
यह है मामला
2016 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पंजाब प्रान्त के उप प्रमुख रिटायर ब्रिगेडियर जगदीश कुमार की हत्या में शामिल खालिस्तानी आतंकी धरङ्क्षमदर को जावेद ने ही हथियार सप्लाई किए थे। इस हत्याकांड की जांच एनआइए कर रही है।
सात जून को एटीएस ने किठौर के राधना निवासी जावेद को पकड़कर पंजाब पुलिस को सौंपा था। जावेद के खिलाफ पंजाब में हथियार सप्लाई करने का मुकदमा दर्ज था। एटीएस की पूछताछ में सामने आया था कि जावेद ने आरएसएस के पंजाब प्रांत के उप प्रमुख रिटायर ब्रिगेडियर जगदीश कुमार की हत्या में हथियार सप्लाई किए थे। जावेद की गिरफ्तारी के बाद एनआइए ने भी उससे पूछताछ की। जांच में सामने आया कि जावेद ही केएलएफ को बड़े पैमाने पर हथियार सप्लाई करता था। इस अवैध धंधे से उसने ब्रह्मपुरी की समर कालोनी व चमन कालोनी में दो मकान बनाए थे। मंगलवार को दिल्ली से एनआइए की टीम मेरठ पहुंची। पूरे ऑपरेशन को गोपनीय रखा गया। ब्रह्मपुरी पुलिस के साथ टीम ने समर कालोनी और चमन कालोनी स्थित जावेद के दोनों मकानों की तलाशी ली। इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने बताया कि मकान काफी दिनों से बंद पड़े थे। आसपास के लोगों को गवाह बनाकर वीडियो रिकार्डिंग करते हुए मकान खोले गए। एनआइए की टीम ने घंटों तक मकान उसकी दीवार और लेंटर भी चेक किया था।
जावेद से जुड़े लोगों से भी हुई पूछताछ
एनआइए की टीम ने ब्रह्मपुरी के बाद राधना गांव में भी जावेद से जुड़े लोगों से पूछताछ की। गांव में भी करोड़ों की कीमत से जावेद का मकान तैयार हो रहा है। आसपास के लोगों ने बताया कि जावेद चंद दिनों में ही करोड़ों का मालिक बन गया। हालांकि उसकी बेनामी संपत्ति की जांच हो रही है। एनआइए ने जावेद के स्वजन और दूर के रिश्तेदारों से भी पूछताछ की। जावेद की पूरी जानकारी जुटाने के बाद एनआइए की टीम दिल्ली लौट गई।
इनका कहना है...
एनआइए की टीम ने जावेद के बारे में पूछताछ की। साथ ही उसके घर की तलाशी ली। पुलिस को एनआइए के सहयोग के लिए लगाया था। जांच पड़ताल के बाद टीम वापस लौट गई।
-अजय साहनी, एसएसपी।