नेहा ने स्वर्ण, सोमना-निकुंज ने कांस्य पदक जीता
53वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी मेरठ के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन के साथ पदक जीते।
मेरठ,जेएनएन। 53वीं राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी मेरठ के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन के साथ पदक जीते। इटावा के सैफई में हुई प्रतियोगिता में तीन हजार मीटर की दौड़ में नेहा पंवार ने स्वर्ण पदक जीता। वहीं 800 मीटर की दौड़ में सोमना और 400 मीटर दौड़ में निकुंज शर्मा ने कांस्य पदक झटका।
नेहा ने अपनी दौड़ 11 मिनट तीन सेकेंड और सोमना ने अपनी दौड़ दो मिनट 29 सेकेंड में पूरी कर पदक हासिल किया है। निकुंज शर्मा ने अपनी दौड़ 49.70 सेकेंड में पूरी कर पदक जीता है। नेहा और सोमना कोच गौरव त्यागी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण कर रही हैं। वहीं निकुंज शर्मा अंतरराष्ट्रीय एथलीट रहे प्रशिक्षक विशाल सक्सेना के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग कर रहे हैं। अब तक जीते 14 पदक
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में मेरठ के खिलाड़ियों ने अब तक छह स्वर्ण पदक, चार रजत और चार कास्य पदक जीते हैं। इलाहाबाद में हुए इवेंट्स में शामिल पांच खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण व एक रजत पदक जीता। जौनपुर में आठ खिलाड़ियों ने दो स्वर्ण, तीन रजत और दो कास्य पदक जीते। वहीं सैफई सात खिलाड़ियों ने एक स्वर्ण और दो कास्य पदक जीते हैं। सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को संघ पदाधिकारियों ने बधाई दी है। 13 को रायबरेली से लाएंगे पदक
13 अक्टूबर को रायबरेली में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता बालक-बालिका अंडर-14 वर्ष व 16 वर्ष में भी 10 खिलाड़ियों का चयन किया गया है। इस प्रतियोगिता से भी एथलेटिक संघ को आठ पदक जीतने की उम्मीद है। चयनित खिलाड़ियों में रूपल, तनवी, रौनक, अरमान चौधरी, शिवा चौहान, अजय शर्मा आदि पदक के दावेदार हैं। वर्जन :::
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम व द्वितीय स्थान पर रहे सभी खिलाड़ी अपना सीएमओ का मेडिकल सर्टिफिकेट व यूआइडी नंबर 10 अक्टूबर तक जरूर जमा कराएं। खिलाड़ी यह कागजात वाट्सएप से भी भेज सकते हैं। यह कागजात न मिलने पर जूनियर नेशनल में खिलाड़ियों की एंट्री नहीं भेजी जा सकेगी।
-अन्नू कुमार, सचिव जिला एथलेटिक्स संघ, मेरठ