UP Assembly Elections 2022: बुलंदशहर की अनूपशहर विधानसभा सीट पर एनसीपी ने जताई दावेदारी, राष्ट्रीय महासचिव के लिए मांगा टिकट
UP Assembly Elections 2022 राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी ने अनूपशहर सीट पर अपनी दावेदारी ठोक दी है। सपा के साथ गठबंधन में शामिल होने का इशारा करते हुए एनसीपी ने इस सीट से पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केके शर्मा का नाम आगे बढ़ा दिया है।
बुलंदशहर, जागरण संवाददाता। जिले में अनूपशहर सीट के दावेदारों की सूची में इजाफा हो रहा है। सपा-रालोद में अभी गठबंधन नहीं हुआ है। दोनों दलों के नेता यहां अपनी ताल ठोके हुए हैं। इसी कड़ी में नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी यानि एनसीपी ने भी अनूपशहर सीट पर अपनी दावेदारी ठोक दी है।
प्रदेश में सपा के साथ गठबंधन में शामिल होने का इशारा करते हुए एनसीपी ने अनूूूूूूूपशहर सीट से पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव केके शर्मा का नाम आगे बढ़ा दिया है। गठबंधन हुआ तो इस सीट पर रालोद की मजबूत दावेदारी बताई जा रही है। वर्तमान में अनूपशहर से भाजपा के संजय शर्मा विधायक है। बसपा विधायक रहे गजेन्द्र सिंह को उन्होंने शिकस्त दी थी। उधर, सीट के दावेदार बताए जा रहे एनसीपी के राष्ट्रीय महासचिव केके शर्मा अनूपशहर निवासी हैं और लंबे समय से एनसीपी से जुड़े हैं।
इन्होंने कहा...
राष्ट्रीय अध्यक्ष शरद पंवार की कई दौर की बातचीत सपा सुप्रीमो से हुई है। महाराष्ट्र में हम सहयोगी दल हैं। यूपी में भी साथ रहकर भाजपा से मुकाबला करेंगे। यूपी की सीटों को लेकर बातचीत अंतिम दौर में है। आदेश हुआ तो अनूपशहर से चुनाव लडूंगा।
केके शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव एनसीपी