बद्दो और डिपिन का एनबीडब्ल्यू जारी
बदन सिंह बद्दो की धरपकड़ में नाकाम पुलिस कोर्ट की कार्रवाई में जुटी हुई है।
मेरठ, जेएनएन। बदन सिंह बद्दो की धरपकड़ में नाकाम पुलिस कोर्ट की कार्रवाई में जुटी हुई है। ब्रह्मपुरी थाने में दर्ज हुए गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में टीपीनगर पुलिस ने बुधवार को कोर्ट से बदन सिंह बद्दो और डिपिन सूरी के खिलाफ वारंट जारी करा लिए है। जल्द ही दोनों के घर पर कुर्की की कार्रवाई का नोटिस चस्पा कर दिया जाएगा। उसके बाद पुलिस कोर्ट से दोनों के घरों को कुर्क करने की कार्रवाई करेगी।
ढाई लाख के इनामी हिस्ट्रीशीटर बदन सिंह बद्दो के पुलिस कस्टडी से फरार हो जाने पर पुलिस ने संपत्ति जब्तीकरण करने के लिए गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई की। ब्रह्मपुरी थाने में बदन सिंह बद्दो और उसे भगाने में सहयोग करने वाले ट्रांसपोर्टर डिपिन सूरी और पपीत बढ़ला के खिलाफ गैंगस्टर एकट में मुकदमा दर्ज किया था। तीनों की धरपकड़ के लिए एसटीएफ को लगा दिया गया था। तभी पपीत बढ़ला ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया। डिपिन सूरी ने खुद का स्वास्थ्य खराब बताकर गुरुग्राम के अस्पताल में भर्ती होने की बात कही थी। अभी तक डिपिन सूरी और बदन सिंह बद्दो को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। मुकदमे की विवेचना टीपीनगर थाना प्रभारी विजय गुप्ता को दे दी गई थी। विजय गुप्ता ने बताया कि डिपिन सूरी और बदन सिंह बद्दो की फरारी पर कोर्ट से वारंट जारी करा लिया है। दोनों की धरपकड़ को पुलिस की टीम लगी हुई है। उनके घर पर कुर्की की कार्रवाई का नोटिस चस्पा कर दिया जाएगा। उसके बाद कोर्ट से कुर्की की कार्रवाई के लिए अनुमति ली जाएगी। साथ ही 14ए के तहत पुलिस तीनों आरोपितों की नामी और बेनामी संपत्ति की जांच कर रही है। ताकि अवैध रूप से कमाई गई संपत्ति को जब्त किया जा सकें। बता दें कि बदन सिंह बद्दो का सहयोग करने में उसकी दो महिला दोस्तों और एक स्कूल संचालक ने भी अहम भूमिका निभाई थी। स्कूल संचालक ही अपनी गाडी में बैठाकर दिल्ली तक छोड़कर आया था, जबकि एक महिला दोस्त ने अपने ब्यूटीपार्लर में बद्दो को हुलिया बदला था। दूसरी महिला दोस्त दिल्ली से बदन सिंह को अपने साथ गुरुग्राम तक ले गई थी। इस महिला दोस्त से बदन सिंह की मुलाकात देहरादून में हुई है। बदन सिंह के बेटे के साथ ही महिला का बेटा भी देहरादून में पढ़ाई करता था। तभी से दोनों दोस्त बने हुए थे। एएसपी ने बदन सिंह की महिला दोस्त को नोटिस भेजकर बयान दर्ज करने के लिए कहा था। उसके बाद महिला ने अपने सोशल नेटवर्किंग खत्म कर मोबाइल तक बंद कर लिया। एसएसपी अजय साहनी का कहना है कि बदन सिंह की महिला दोस्तों की जांच अभी जारी है।