सुबह नवमी पूजन और शाम को मनाया जाएगा दशहरा
मेरठ जेएनएन। नवरात्र में मां दुर्गा के दर्शन के लिए दूर-दराज से भक्त शहर के विभिन्न मंदिरों में
मेरठ, जेएनएन। नवरात्र में मां दुर्गा के दर्शन के लिए दूर-दराज से भक्त शहर के विभिन्न मंदिरों में पहुंच रहे हैं। वहीं बाजार में भी खूब रौनक नजर आ रही है। दुर्गा अष्टमी और महानवमी पर हवन और कन्या पूजन के लिए लोगों ने खरीदारी शुरू कर दी है। बाजार में कन्या पूजन के लिए एक से बढ़कर एक उपहार मौजूद हैं। इस बार दुर्गा अष्टमी, महानवमी और दशहरा पर्व तिथि को लेकर लोगों में भ्रम की स्थिति है। कुछ लोग जहां दुर्गा अष्टमी को हवन और कन्या पूजन कर मां दुर्गा की विदाई करते हैं, तो वहीं कुछ लोग महानवमी को हवन और कन्या पूजन के बाद मा दुर्गा को विदा करते हैं।
सूरजकुंड स्थित बाबा मनोहर नाथ मंदिर की महामंडलेश्वर नीलिमानंद महाराज ने बताया कि हिंदू पंचाग के अनुसार चंद्र तिथि के अनुसार त्योहार मनाए जाते हैं। ऐसे में कोई तिथि नौ तो कोई तिथि 12 घटे की होती है। इस वजह से कई बार तिथियों को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति रहती है। लोग दुविधा में रहते हैं कि कौन सी तिथि को हवन और पूजन करें।
सदर छोटी दुर्गाबाड़ी के पंडित विशाल शास्त्री के अनुसार पंचाग के अनुसार इस बार 23 अक्टूबर शुक्रवार सुबह 6.57 बजे से अष्टमी तिथि आरंभ हो जाएगी, जो 24 अक्टूबर शनिवार सुबह 6.58 बजे तक रहेगी। इसके बाद 24 अक्टूबर को ही नवमी तिथि 6.58 से आरंभ होकर 25 अक्टूबर सुबह 7.41 बजे तक रहेगी। दशमी तिथि 25 अक्टूबर सुबह 7.41 से आरंभ होगी और 26 अक्टूबर सुबह 9.00 बजे तक रहेगी। इसी तरह 25 अक्टूबर को ही दशमी तिथि लगने के कारण इसी दिन दशहरा पर्व मनाया जाएगा। तिथि के अनुसार इस दिन हवन, कन्या पूजन और दशहरा पर्व मनाया जाएगा। वहीं ज्योतिषविद् राहुल अग्रवाल का कहना है कि 25 अक्टूबर को नवमी पूजन और शाम को दशहरा पर्व मनाया जाएगा।
भक्ति भाव से हुआ मां कात्यायनी का पूजन : शारदीय नवरात्र के मौके पर श्री रामा संकीर्तन मंदिर लालकुर्ती में मां कात्यायनी का पूजन भक्ति भाव से हुआ। पंडित हरीश उनियाल ने विधान संपन्न कराए। मुख्य यजमान के रूप में वीनू मिर्ग, शकुंतला ठाकुर व कमलेश ठाकुर रहे। मंदिर ट्रस्ट के महामंत्री सुरेश छाबड़ा ने कहा कि शुक्रवार को मंदिर प्रांगण में अष्टमी का पूजन किया जाएगा।