विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नमो भारत का विस्तार: मेरठ से सीधे जुड़ेंगे जेवर, गुरुग्राम व पानीपत, बनेंगे 9 नए काॅरिडोर; पूरे NCR की यात्रा होगी आसान 

By Pradeep Diwedi Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 28 Oct 2026 06:30 AM (IST)

RRTS expansion: मेरठ से दिल्ली तक चल रही नमो भारत ट्रेन जल्द ही पूरे एनसीआर को जोड़ेगी, जिसमें जेवर एयरपोर्ट ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. देश की पहली आरआरटीएस के अन्य काॅरिडोर की तैयारी।

  2. स्वीकृति के चरण में हैं जेवर एयरपोर्ट सहित चार नए कॉरिडोर ।

प्रदीप द्विवेदी, मेरठ। देश के पहले क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) यानी नमो भारत अभी मेरठ से दिल्ली पहुंचा रही है, कुछ समय बाद इसी ट्रेन से मेरठ के लोग पूरे एनसीआर की यात्रा कर सकेंगे। नमो भारत जेवर एयरपोर्ट तो पहुंचाएगी ही, यह गुरुग्राम, फरीदाबाद, पानीपत समेत आसपास के कई शहरों की यात्रा कराएगी।

दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ काॅरिडोर के निर्माण के बाद अब चार नए कारिडोर को गति देने की तैयारी है, जिसकी डीपीआर भारत सरकार व प्रदेश सरकार की कैबिनेट से स्वीकृति की प्रक्रिया में है। पांच अन्य काॅरिडोर भी भविष्य में बनेंगे।

मेरठ के लोगों को सबसे अधिक सुविधा जेवर एयरपोर्ट तक काॅरिडोर बन जाने से होगी। यह काॅरिडोर नमो भारत के गाजियाबाद स्टेशन से एयरपोर्ट तक बनेगा। प्रदेश सरकार इस काॅरिडोर को जल्द से जल्द तैयार करने के लिए प्रयासरत है, इसीलिए अलवर व पानीपत कारिडोर के साथ ही इसकी भी फाइल स्वीकृति की प्रक्रिया में पहुंच चुकी है।

वहीं दिल्ली-गुरुग्राम-एसएनबी (शाहजहांपुर-नीमराना-बहरोड़)-अलवर कारिडोर व दिल्ली-पानीपत-करनाल कारिडोर के लिए यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य जारी है। इसके तहत सड़क किनारे स्थित विद्युत उपकरणों, टेलीफोन लाइनों, गैस व पेयजल पाइप लाइन आदि को स्थानांतरित किया जा रहा है।

पहले बनेंगे ये चार काॅरिडोर

  • दिल्ली-गुरुग्राम-एसएनबी (शाहजहांपुर-नीमराना-बहरोड़)-अलवर काॅरिडोर
  • दिल्ली-पानीपत-करनाल काॅरिडोर
  • गाजियाबाद-जेवर (नरेन्द्र मोदी एयरपोर्ट) काॅरिडोर
  • गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा-ग्रेटर नोएडा काॅरिडोर

भविष्य के 5 काॅरिडोर

  • दिल्ली-फरीदाबाद-बल्लभगढ़-पलवल
  • गाजियाबाद-खुर्जा
  • दिल्ली-बहादुरगढ़-रोहतक
  • गाजियाबाद-हापुड़
  • दिल्ली-शाहदरा-बड़ौत

ये है नमो भारत ट्रेन की विशेषता

  • 180 किमी प्रति घंटे है डिजाइन गति
  • 160 किमी प्रति घंटे है संचालन गति
  • 90 किमी प्रति घंटे है औसत संचालन गति
  • 6 डिब्बों की ट्रेन है जिसमें बैठने के लिए कुर्सियां हैं और सामान रखने के लिए लगेज रैक भी है।

दिल्ली-एनसीआर में पार्सल सेवा की तलाशी जा रही है संभावना

दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ काॅरिडोर पर ट्रेन का संचालन जारी है। अब इसमें पार्सल सेवा भी शुरू करने की तैयारी है ताकि लोगों को सामान मंगवाने की आसानी हो जाए। इसके लिए एनसीआरटीसी ने ब्लू डार्ट-डीएचएल के साथ एमओयू किया है। कंपनी सर्वे करके इस संबंध में अपनी योजना एनसीआरटीसी के साथ साझा करेगी।

गौरतलब है कि दिल्ली-मेरठ काॅरिडोर पर प्रतिदिन एक लाख से अधिक लोग यात्रा कर रहे हैं। त्योहार के दिनों में संख्या डेढ़ लाख के करीब पहुंच जाती है। शाम के समय लोगों को खड़े होकर यात्रा करनी पड़ती है।