हत्या करने एसीपी से एक दिन पहले ही मेरठ आ गया था नायडू
सहायक पुलिस कमिश्नर ललित मोहन नेगी से एक दिन पहले ही कुख्यात शिव शक्ति नायडू अपने गैंग के साथ मेरठ आ गया था। ऋतुराज के वैष्णो धाम स्थित फ्लैट में एसीपी की हत्या की साजिश रची गई। इसके तुरंत बाद ही हनी और तिलकराज दिल्ली पुलिस के संपर्क में आ गए थे।
मेरठ, जेएनएन। सहायक पुलिस कमिश्नर ललित मोहन नेगी से एक दिन पहले ही कुख्यात शिव शक्ति नायडू अपने गैंग के साथ मेरठ आ गया था। ऋतुराज के वैष्णो धाम स्थित फ्लैट में एसीपी की हत्या की साजिश रची गई। इसके तुरंत बाद ही हनी और तिलकराज दिल्ली पुलिस के संपर्क में आ गए थे। तभी शक्ति नायडू ने टॉयलेट जाने का बहाना बनाया और वह दोनों को अपने साथ खिर्वा रोड पर ले गया। इसके बाद रवि उर्फ भूरा और शक्ति नायडू ने हनी और तिलकराज को गोली मार दी। इसमें हनी की मौत हो गई। यह बात शनिवार को ऋतुराज और तिलकराज ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताई।
बताया कि पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले एसीपी ललित मोहन नेगी दिल्ली में तैनात हैं। शुक्रवार को परतापुर क्षेत्र में दिल्ली की स्पेशल सेल में तैनात पुलिसकर्मी की बेटी की शादी थी, जिसमें एसीपी नेगी आए थे। इस शादी समारोह से निकलते ही नेगी पर हमले की साजिश शिव शक्ति नायडू और रवि उर्फ भूरा ने रची थी। गुरुवार को शामली के रायसी निवासी रवि उर्फ भूरा अपने साथ शामली के दो शूटरों को लेकर क्रेटा में सवार होकर ऋतुराज के घर वैष्णो धाम पर पहुंचा। उधर, दिल्ली से शक्ति नायडू अपने साथ तिलकराज और हनी को लेकर ईको स्पोर्ट्स से पहुंचे। करीब दो घंटे में ऋतुराज के घर एसीपी की हत्या की साजिश रची गई।
ऋतुराज ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार को आयोजित शादी समारोह से निकलते ही ललित मोहन नेगी की हत्या करनी थी। प्लानिंग के बाद ही तिलकराज और हनी ने हत्या करने से इन्कार कर दिया। साथ ही तिलकराज और हनी दिल्ली पुलिस के संपर्क में आ गए। इसके बाद ऋतुराज सभी को अपने साथ एक शादी समारोह में ले जाने के लिए घर से निकल गया।
ईको स्पोर्ट्स को हनी चला रहा था। पास की सीट पर तिलकराज और पीछे की सीट पर शक्ति नायडू बैठा था। क्रेटा में ऋतुराज और दो शूटर बैठे हुए थे। ऋतुराज ने टॉयलेट करने की बात कही, जिस पर दोनों कार को खिर्वा रोड पर ले गए। यहां एक ट्यूबवेल के पास रुक गए। सभी कार से उतर रहे थे, तभी ईको स्पोर्ट्स के अंदर ताबड़तोड़ गोलियां बरसीं। इसके बाद ऋतुराज और रवि उर्फ भूरा भी क्रेटा में सवार हो गए। सभी खिर्वा रोड से वैष्णो धाम पहुंचे, जहां ऋतुराज को उतारकर सभी दिल्ली निकल गए। एसएसपी अजय साहनी ने बताया कि तिलकराज और ऋतुराज पुलिस कस्टडी में हैं। नायडू, रवि और अन्य दो शूटरों की धरपकड़ की जा रही है।
यह है घटनाक्रम
30 जनवरी को दिल्ली के मदनगिरी निवासी कुख्यात बदमाश शिव शक्ति नायडू अपने गैंग के छतरपुर निवासी तिलक राज चौधरी और उसके भतीजे हनी के साथ मेरठ के वैष्णो धाम कालोनी निवासी ऋतुराज, रवि उर्फ भूरा और दीपू से मिलने आए थे। ऋतुराज मूल रूप से मुजफ्फरनगर के छछरपुर और दीपू बड़ौत का रहने वाला है, जो हाल में वैष्णो धाम कालोनी में रहता है। दो कार में सवार होकर सभी बदमाश खिर्वा रोड पर निकले थे। इसके बाद शक्ति नायडू और रवि उर्फ भूरा ने हनी की हत्या की थी। तिलकराज को चार गोलियां लगीं, जिसका पुलिस कस्टडी में उपचार चल रहा है। पुलिस ने ऋतुराज को हिरासत में ले लिया।