शहर का प्रदूषण कम करेगा नगर निगम
मेरठ, जेएनएन। शहर की हवा में निर्धारित से कई गुणा अधिक धूल के कण पाए गए हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड
मेरठ, जेएनएन। शहर की हवा में निर्धारित से कई गुणा अधिक धूल के कण पाए गए हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। इसे देखते हुए नगर निगम अब शहर में धूल उड़ने के कारणों पर कड़ाई से नियंत्रण करेगा। नगर आयुक्त डा. अरविद चौरसिया ने निर्माण व स्वास्थ्य विभाग के इंजीनियरों, सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों और सफाई नायकों को प्रभावी नियंत्रण के निर्देश दिए हैं।
नगर आयुक्त ने निर्माण विभाग के इंजीनियरों से कहा कि शहर में कितने दुकानदार निर्माण सामग्री की बिक्री करने वाले हैं, इनकी एक सूची बनाई जाए। शहर में खुली ट्राली से रेत व मिट्टी का परिवहन सुबह-सुबह किया जा रहा है। सड़कों पर निर्माण सामग्री पड़ी है। दोनों ही कारणों में जुर्माना लगाने की कार्रवाई तेज की जाएगी। जलकल विभाग से कहा कि हापुड़ रोड, दिल्ली रोड समेत शहर के सभी प्रमुख मार्गों की साइड पटरी व फुटपाथ पर भी पानी का छिड़काव कराया जाए। स्वास्थ्य विभाग से कहा कि डिवाइडर किनारे जमी धूल नियमित साफ होगी। इसका आकलन करना है। टूटी सड़कों पर झाड़ू लगाने से पहले पानी का छिड़काव किया जाएगा, ताकि धूल न उड़े। कूड़ा जलाने पर कार्रवाई में तेजी लायी जाए।
जल्द खरीदेंगे एंटी स्माग गन
नगर निगम जल्द ही एंटी स्माग गन खरीदेगा। बुधवार को मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी संतोष शर्मा ने कंपनियों से संपर्क कर मशीनों की जानकारी ली। जैम पोर्टल के जरिए दो मशीनें खरीदी जाएंगी। यह व्यवस्था वायु प्रदूषण के चलते स्माग से निपटने के लिए की जा रही है।