कचरे से शहर को आजादी दिलाने की ली शपथ
नगर निगम स्वछ सर्वेक्षण 2021 की तैयारी में जुट गया है। सर्वेक्षण से पहले शहर को कचरे से आजादी दिलाने की नगर निगम अधिकारियों व कर्मचारियों ने टाउनहाल परिसर स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर शपथ ली।
मेरठ, जेएनएन। नगर निगम स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 की तैयारी में जुट गया है। सर्वेक्षण से पहले शहर को कचरे से आजादी दिलाने की नगर निगम अधिकारियों व कर्मचारियों ने टाउनहाल परिसर स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पर शपथ ली। इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण में पहला स्थान पाने का लक्ष्य रखा गया है।
इससे पहले नगर आयुक्त डा. अरविद चौरसिया ने निर्माण विभाग के इंजीनियरों और स्वास्थ्य विभाग के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक व सफाई नायकों के साथ टाउनहाल परिसर में बैठक की। बैठक में सहायक नगर आयुक्त प्रथम ब्रजपाल सिंह और सहायक नगर आयुक्त, द्वितीय इंद्र विजय व तीनों डिपो प्रभारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में सभी अधिकारी-कर्मचारी जुट जाएं। तीन कामों पर ध्यान देना है। नियमित और समय पर कचरा उठान, हर वार्ड मोहल्ले व गली की सफाई और गीले कचरे की मात्रा कम करने के लिए घर-घर होम कंपोस्टिंग। इसके साथ ही वार्ड स्वच्छता निगरानी समिति का गठन किया जाएगा। इसमें प्रति वार्ड एक-एक व्यक्ति को रखा जाएगा। इसके जिम्मे केवल वार्ड की सफाई की निगरानी होगी। दो माह के भीतर शहर के मुख्य मार्गो के अस्थाई खत्ते विलोपित किए जाएंगे। नगर आयुक्त ने कहा कि हापुड़ रोड व दिल्ली रोड पर एक-एक खत्ता विलोपित कर दिया गया है।