Move to Jagran APP

Murder in Meerut: शराब और सट्टे की लत ने कर दिया था बर्बाद, पिता ही चलाते थे खर्च, आरोपित गया जेल

Murder in Meerut मेरठ में पिता को गोली मारकर हत्‍या करने वाले युवक के बारे में बड़ा खुलासा हुआ है। युवक को जुए और शराब की लत लग गई थी। उस दिन भी वह शराब पीकर गया था। कई कर्जदार भी हो गए थे। रविवार को इसे जेल भेजा गया।

By Himanshu DwivediEdited By: Published: Mon, 08 Mar 2021 01:57 PM (IST)Updated: Mon, 08 Mar 2021 01:57 PM (IST)
Murder in Meerut: शराब और सट्टे की लत ने कर दिया था बर्बाद, पिता ही चलाते थे खर्च, आरोपित गया जेल
पिता की हत्‍या में युवक को भेजा गया जेल।

मेरठ, जेएनएन। मामूली विवाद में शनिवार रात गोली मारकर पिता की हत्या के आरोपित को रविवार को जेल भेज दिया गया। उसके खिलाफ छोटे भाई ने पिता की हत्या और थाना प्रभारी ने पुलिस पर गोली चलाने का मुकदमा दर्ज कराया है। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि शराब पीने और खर्च के लिए रुपये मांगने को लेकर विवाद हुआ था। वहीं, रविवार शाम को सर्राफ का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

loksabha election banner

ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में शास्त्री की कोठी के पास विनोद वर्मा स्वजन संग रहते थे। उनकी शहर सराफा में विनोद कुमार एंड संस के नाम से दुकान है। दुकान पर बड़ा बेटा किशन साथ बैठता है, वहीं छोटे बेटे राजीव और गोविंद अलग काम करते हैं। शनिवार रात किशन शराब पीकर घर आया था। इस बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो गया। दोनों में कहासुनी हो रही थी। किशन से लाइसेंसी रिवाल्वर निकाल ली। इस पर विवाहिता दौड़कर कमरे में घुस गई। फिर भी किशन ने गोली चला दी। आवाज सुनकर पिता विनोद पहुंचे और उसे पकड़ने का प्रयास किया। नशे में धुत आरोपित ने उन्हें गोली मार दी। पुलिस ने बड़ी मुश्किल से उसे पकड़ा था।

रविवार को मेडिकल कराने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी सुभाष अत्री ने बताया कि आरोपित ने पहली गोली पत्नी पर चलाई थी। इसके बाद पिता पर चलाई। बाद में दो गोली और चलाई थीं। छोटे भाई गोविंद ने पिता की हत्या और उन्होंने पुलिस पर गोली चलाने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। दोपहर को शव का पोस्टमार्टम हुआ, जिसके बाद शाम को स्वजन ने अंतिम संस्कार कर दिया।

सट्टे के चलते हुआ कर्जदार: आरोपित किशन ने बताया कि वह आनलाइन सट्टा लगाता है। पिछले दिनों आइपीएल पर भी उसने सट्टा लगाया था। करीब दो लाख रुपये का वह कर्जदार हो गया। लोग उस पर तकादा कर रहे थे, जिससे वह तनाव में चल रहा था। इसलिए शनिवार को शराब पी थी। करीब पांच साल से वह सट्टा खेल रहा है। इसकी लत के चलते ही वह बर्बाद हो गया। चर्चा तो यह भी थी कि आरोपित कई साल पहले एमसीएक्स में भी एक करोड़ रुपये गंवा चुका है।

एक पैर खराब, हाथ भी कांपते हैं: स्वजन ने बताया कि कुछ समय पहले स्वजन वैष्णो देवी गए थे। वहां पर किशन की तबीयत खराब हो गई थी। जब तक घर पहुंचे तो आधे शरीर में पैरालाइसिस हो गया था। उसका इलाज चल रहा था। हालांकि तभी से पैर में दिक्कत आ गई थी। सही से चल भी नहीं पा रहा था। शराब अधिक पीने से हाथ भी कांपने लगे थे। उसे अक्सर दौरा भी पड़ता था।

पिता उठा रहे थे खर्चा: पुलिस ने बताया कि आरोपित का करीब तीन साल से काम ठप चल रहा था। पिता ही उसका खर्चा उठा रहे थे। अब वह और रुपयों की मांग कर रहा था, जिसके चलते ही उसका विवाद चल रहा था। पहले भी कई बार घर में कहासुनी हुई थी। थाना प्रभारी ने बताया कि लाइसेंस आरोपित के नाम है। निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी जा रही है।

पांच माह पहले ही आया था नशा मुक्ति केंद्र से

पुलिस ने बताया कि आरोपित शराब पीने का आदी है। स्वजन भी उसकी इस लत से परेशान थे। पांच माह पूर्व उसे परतापुर क्षेत्र के नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। नवंबर की शुरुआत में ही वह छूटा था। हालांकि तब से उसने शराब नहीं पी थी। शनिवार की रात वह शराब पीकर आया, जिसके बाद उसका विवाद हो गया था। नशे में ही उसने वारदात की।

बंद रहा जौहरी बाजार

सर्राफ की हत्या के बाद रविवार को जौहरी बाजार में शोकसभा हुई। बाजार में प्रतिष्ठान बंद रहे। व्यापारियों ने दिवंगत व्यापारी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। संतकुमार वर्मा, संजय वर्मा, अजय शर्मा, ऋषि जौहरी, अमित कांत, रामभूल, प्रताप सिंह मौजूद रहे। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.