नगर आयुक्त को वीआइपी वार्ड की कालोनी में मिले कचरे के ढेर
नगर आयुक्त मनीष बंसल मानसरोवर कालोनी में सफाई का जायजा लेने पहुंचे।
मेरठ, जेएनएन। नगर आयुक्त मनीष बंसल शनिवार सुबह आठ बजे अचानक सफाई व्यवस्था के निरीक्षण पर निकले। शहर के सबसे पाश इलाके की मानसरोवर कालोनी में उन्हें सफाई नहीं मिली। मौके पर मौजूद सफाई एवं खाद्य निरीक्षक को कड़ी फटकार लगाई। चेतावनी दी कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शहर के वीआइपी वार्ड 32 सिविल लाइंस की मानसरोवर कालोनी में नगर आयुक्त को जगह-जगह कचरे के ढेर दिखे। नालियां गंदगी से अटी मिलीं। बड़ी संख्या में सफाईकर्मी ड्यूटी से नदारद थे। वहीं, जो सफाई कर्मी मौजूद थे, वह भी वर्दी में नहीं थे। किसी के पास झाड़ू नहीं थी तो किसी के पास फावड़ा। सफाई कर्मचारियों ने नगर आयुक्त से कहा कि ठेकेदार कोई सामग्री नहीं देता। नगर आयुक्त ने हाजिरी स्थल पर उपस्थिति पंजिका देखी। साथ ही सफाई को लेकर अधीनस्थ अधिकारियों से असंतोष जताया। इसके अलावा सफाई नायक को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया है। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त प्रथम ब्रजपाल सिंह और सहायक नगर आयुक्त द्वितीय इंद्र विजय मौजूद रहे। मालूम हो कि सबसे ज्यादा लगभग 90 सफाई कर्मी इसी वार्ड में तैनात हैं।
सोमवार से चलेगा विशेष सफाई अभियान
सफाई व्यवस्था से असंतुष्ट नगर आयुक्त ने निरीक्षण के बाद दोपहर एक बजे सभी डिपो प्रभारी, सफाई एवं खाद्य निरीक्षकों और सफाई नायकों की बैठक बुलाई। नगर आयुक्त ने कहा कि बीट, सफाई कर्मी का नाम, मोबाइल नंबर उपस्थिति पंजिका में दर्ज किया जाएगा। ड्यूटी पर जो कर्मचारी नहीं मिलेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सोमवार से शहर के प्रत्येक वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलेगा। दिवाली से पहले शहर की सफाई सुनिश्चित की जाएगी। अपर नगर आयुक्त श्रद्धा शांडिल्यायन को यह व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
शाम को पहुंचे दिल्ली रोड वाहन डिपो
नगर आयुक्त मनीष बंसल शाम पांच बजे दिल्ली रोड वाहन डिपो पहुंचे। यहां खराब पड़े वाहनों की मरम्मत के निर्देश दिए। अधीनस्थ अधिकारियों से कहा कि स्क्रैब बड़ी मात्रा में पड़ा है, इसकी नीलामी की प्रक्रिया शुरू की जाए। इसके अलावा समय से कूड़ा कलेक्शन कराने के निर्देश दिए।