मेरठ में मोदी, प्रयागराज की तर्ज पर होगा कार्यक्रम, योगी खुद परखेंगे तैयारी
CM Yogi Visits Meerut प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो जनवरी को मेरठ में सरधना के गांव सलावा में मेजर ध्यान चंद खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास करेंगे। 29 दिसंबर को शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों को जांचने आ सकते हैं मुख्यमंत्री। प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।
मेरठ, जागरण संवाददाता। CM Yogi Visits Meerut मेरठ के सलावा गांव में बनने वाले खेल विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम को हर स्तर पर भव्य बनाने की तैयारी है। शनिवार को साफ-सफाई व मैदान को समतल करने का कार्य पूरा कर लिया गया। अब मैदान को फिलहाल 50 हजार लोगों के बैठने की क्षमता के अनुसार तैयार किया जाएगा। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 दिसंबर को आकर तैयारियों का निरीक्षण कर सकते हैं।
तैयारी में जुटा प्रशासनिक अमला
सरधना के गांव सलावा में दो जनवरी को मेजर ध्यान चंद खेल विश्वविद्यालय का शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया जाएगा। शिलान्यास कार्यक्रम निर्धारित होने के बाद से कार्यक्रम स्थल को भव्य तरीके से तैयार करने पर तमाम विभाग जुट गए हैं। अधिकारियों का पूरा जोर पिछले दिनों प्रयागराज में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तर्ज पर तैयारियों को भव्यता प्रदान करने पर है। शनिवार को मैदान की सफाई कर समतल करने का कार्य पूरा कर लिया गया।
अफसरों ने लिया जायजा
मैदान को 50 हजार लोगों के बैठने की क्षमता के अनुसार तैयार किया जाएगा। जिसमें अधिकांश युवा और खिलाड़ी होंगे। उधर, अधिकारियों को पूरा जोर अगले दो दिन में तैयारियों को पूरा कर लेने पर है। 29 दिसंबर को खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों को खुद जांचने के लिए आ सकते हैं। उधर, शनिवार को तैयारियों को जायजा लेने के लिए नगर आयुक्त मनीष बंसल भी अधिकारियों के साथ पहुंचे।
सेल्फी व पिकनिक प्वाइंट होंगे तैयार
शिलान्यास कार्यक्रम स्थल के पास ही सेल्फी व पिकनिक प्वाइंट को भी विकसित किया जाएगा। सेल्फी प्वाइंट पर जहां नेताओं के साथ खिलाडिय़ों के कटआउट रखे जाएंगे, वहीं पिकनिक प्वांइट को विभिन्न विभागों की मदद से तैयार किया जाएगा। यहां दूर से आने वाले खिलाड़ी जनपद की खूबियों से रूबरू होंगे।
बदलेगी सड़कों की सूरत
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वाले रास्तों की मरम्मत की जाएगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग मेरठ व मुजफ्फनगर को जिम्मेदारी दी गई है। आज-कल में सड़कों की मरम्मत के लिए अभियान शुरू किया जाएगा। इसके लिए पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
ऐसा होगा कार्यक्रम स्थल
- 76 गुणा 32 वर्ग मीटर का होगा कार्यक्रम स्थल का मंच
- कार्यक्रम स्थल पर नौ स्वीट कार्टेज तैयार होंगे।
- कार्यक्रम स्थल के पास चार हेलीपैड तैयार किए जाएंगे।
- कार्यक्रम स्थल पर होंगी छह वाहन पार्किंग।
- अतिथियों के लिए दो डाक बंगलों को तैयार किया गया।
इनका कहना है
खेल विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों को तेजी से पूरा किया जा रहा है। सभी संबंधित विभागों को इस संबंध में जिम्मेदारी दी गई है।
- के. बालाजी, डीएम