भैंसाली बस स्टैंड के सामने से युवक से लूटा मोबाइल
भैंसाली बस स्टैंड के सामने से स्कूटी सवार दो युवकों ने मोबाइल लूट लिया।
मेरठ,जेएनएन। भैंसाली बस स्टैंड के सामने से स्कूटी सवार दो युवकों ने मोबाइल लूट लिया। युवक ने साहस दिखाते हुए आरोपितों को पकड़ने का प्रयास भी किया। लेकिन आरोपित सोती गंज की गलियों में फरार हो गए। उसने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी है।
गंगानगर थाना क्षेत्र के ग्राम रजपुरा निवासी श्रीकांत जोशी शुक्रवार रात भैंसाली बस स्टैंड के सामने आटो का इंतजार कर रहे थे। इसी बीच उनके घर से मोबाइल फोन पर काल आ गया और वह बात करने लगे। पीछे आये स्कूटी सवार बदमाशों ने श्रीकांत से मोबाइल लूट लिया। शोर सुनकर आसपास के लोग एकत्र हो गए। उन्होंने आरोपित का कुछ दूरी तक पीछा भी किया। वह सोती गंज की तंग गलियों में घुसकर फरार हो गए। सदर बाजार एसएसआइ गौरव राणा का कहना है कि घटना स्थल के आसपास की फुटेज खंगाली गई है, दो संदिग्ध युवकों की फरार होते हुए फुटेज मिली है। उनकी पहचान के प्रयास किये जा रहे है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
धोखाधड़ी के आरोपितों की जमानत अर्जी खारिज: न्यायालय विशेष न्यायाधीश भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम कोर्ट संख्या-दो पीएन पांडेय ने धोखाधड़ी के मामले में आरोपित वेद प्रकाश, अंतराम, सियाराम, जगननाथ, पितांबर शर्मा व सुनीत शर्मा की अग्रिम जमानत अर्जी खारिज कर दी। विशेष अभिलोकयोजक महेंद्र शर्मा ने बताया कि वादी ने अलीगढ़ जनपद के सिविल लाइन थाने में वन विभाग के कर्मचारियों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें उन्होंने बताया कि सभी आरोपितों ने मिलीभगत कर चार करोड़ का गबन किया था। जांच के बाद सभी आरोपितों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया गया था। दोनों पक्षों को सुनने के बाद न्यायाधीश ने जमानत अर्जी खारिज कर दी।