लापता किशोरी आटो चालक की प्रेमिका के घर मिली, गंदे धंधे में धकेलने की थी प्लानिंग Meerut News
पुलिस ने शनिवार को छह दिन से लापता किशोरी को गंगानगर से बरामद कर लिया। किशोरी को आटो चालक ने अपनी प्रेमिका के साथ बंधक बनाकर रखा था। उसे गंदे धंधे में धकेलने की योजना बनाई गई थी। पुलिस जांच कर रही है।
मेरठ, जेएनएन। पुलिस ने शनिवार को छह दिन से लापता किशोरी को गंगानगर से बरामद कर लिया। किशोरी को आटो चालक ने अपनी प्रेमिका के साथ बंधक बनाकर रखा था। उसे गंदे धंधे में धकेलने की योजना बनाई गई थी। पुलिस ने आटो चालक और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही बरामद किशोरी को परिवार के हवाले कर दिया। किशोरी का मेडिकल और अदालत में बयान दर्ज कराए जाएंगे। किशोरी के साथ छेड़छाड़ करने वाले युवक को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
पिता की डांट पर छोड़ा था घर
बदायूं के बिल्सी थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी अपने परिवार के साथ परतापुर क्षेत्र में रह रही थी। किशोरी के पिता रिक्शा चलाकर परिवार का पालन पोषण करते हैं। 28 सितंबर को पिता की डांट फटकार के बाद किशोरी घर से 1100 रुपये की नकदी उठाकर निकल गई। आटो से बेगमपुल पर पहुंची, जहां पर वह गंगानगर के कसेरूबक्सर निवासी भीम के आटो में साकेत चौपले के लिए सवार हो गई। भीम नशेड़ी किस्म का व्यक्ति है। वह किशोरी को देखकर उसके घर से भागने के बारे में समझ गया। किशोरी को साकेत चौपले के बजाय गंगानगर में अपनी प्रेमिका के घर ले गया। प्रेमिका जिले के एक गांव की रहने वाली है वह शहर के गंगानगर में किराए के मकान में रहती है। छह दिनों से किशोरी को गंगानगर में बंधक बनाकर रखा गया था।
इस पर लगाया गया आरोप
उधर, किशोरी के परिवार ने कश्यप कालोनी निवासी अंकित पर किशोरी को अगवा करने का आरोप लगाया। पुलिस ने अंकित को एक फैक्ट्री से ड्यूटी करते हुए पकड़ा। थाने लाकर अंकित से पूछताछ की गई। जांच में सामने आया कि अंकित अक्सर किशोरी के साथ छेड़छाड़ करता था। पुलिस ने अंकित को भी हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। उसके बाद सीसीटीवी के आधार पर किशोरी की पड़ताल की गई। पुलिस को भीम के आटो में किशोरी के सवार होने की फोटो मिली। भीम को हिरासत में लेकर उसकी प्रेमिका के घर से किशोरी को बरामद कर लिया। इंस्पेक्टर आनंद मिश्रा ने बताया कि किशोरी को परिवार के हवाले कर दिया। साथ ही भीम और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया। इनकी मंशा किशोरी को गंदे धंधे में धकेलने की थी।
दुष्कर्म की आशंका
रविवार को किशोरी का मेडिकल कराया जाएगा। किशोरी से दुष्कर्म की आशंका से भी इन्कार नहीं किया जा सकता है। उसके बाद पुलिस दुष्कर्म की धारा भी लगाएगी।
महिला अपराध में थानेदार होंगे जिम्मेदार
परतापुर से किशोरी के लापता होने की सूचना पर महिला आयोग की सदस्य राखी सिंह ने कप्तान से बातचीत की। कप्तान ने बताया कि किशोरी को बरामद कर लिया है। उसके बाद राखी ने कहा कि महिला अपराध में थानेदार की जिम्मेदारी तय कर दी गई है। बेटियों की सुरक्षा का जिम्मा पुलिस उठाएगी।
इनका कहना है
पिता की डांट से किशोरी घर से 1100 रुपये उठाकर निकल गई थी। गलत आटो चालक और उसकी प्रेमिका के हाथ लग गई थी। पुलिस ने किशोरी को बरामद कर आटो चालक और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी के सोमवार को अदालत में बयान दर्ज कराए जाएंगे।
- अजय साहनी, एसएसपी