विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोरोना काल में पिता की नौकरी नहीं रही, लेकिन पुत्र ने हिम्मत नहीं हारी... आज भारत के नाम किया कांस्य पदक

By Anand Prakash Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 04 Oct 2026 12:32 PM (IST)

एशियन गेम्स में मेरठ के तीरंदाज नीरज चौहान ने रिकर्व व्यक्तिगत वर्ग में कांस्य पदक जीता, जबकि उनके पिता ने ...और पढ़ें

एशियन गेम्स में कांस्य पदक विजेता नीरज चौहान (बाएं) कोच प्रियंक त्यागी के साथ। सौ. कोच

एशियन गेम्स में कांस्य पदक विजेता नीरज चौहान (बाएं) कोच प्रियंक त्यागी के साथ। सौ. कोच

HighLights

  1. मलेशिया में डेफ्लिंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे डेफ एथलीट विवेक

  2. एशियन गेम्स में नीरज चौहान का रिकर्व व्यक्तिगत वर्ग में शानदार प्रदर्शन

  3. कैलाश प्रकाश स्टेडियम में रसोइया रहे पिता अच्छेलाल, भाई भी बाक्सर

जागरण संवाददाता, मेरठ। जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स में पारुल चौधरी के बाद मेरठ के तीरंदाज नीरज चौहान ने गौरव की अनुभूति कराई है। नीरज ने रिकर्व व्यक्तिगत वर्ग में भारत के ही धीरज को हराकर कांस्य पदक जीता है। यह गौरव न सिर्फ मेरठ के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि पूरे देश के लिए भी है, क्योंकि वर्ष 2010 के बाद अब किसी पुरुष तीरंदाज ने एशियन गेम्स में पदक जीता है। नीरज की इस कामयाबी पर कोच प्रियंक त्यागी और परिवार के लोग हर्षित हैं।

23 वर्षीय नीरज का परिवार मेरठ में कैलाश प्रकाश स्टेडियम के निकट पीडब्ल्यूडी कालोनी में रहता है। पिता अच्छेलाल पूर्व में कैलाश प्रकाश स्टेडियम में बतौर रसोइया कार्य करते थे। कोरोना काल से पहले जब नौकरी छूटी, तो उन्होंने जसवंत राय हास्पिटल के सामने छोटा ढाबा भी चलाया। नीरज के दो बड़े भाई सुमित चौहान और सुनील चौहान हैं। सुमित ने बताया कि पहले तीनों भाई बाक्सिंग का अभ्यास करते थे।

नील ने राष्ट्रीय स्तर पर कई पदक जीते, जिसके बाद उसका चयन उप्र पुलिस में सिपाही के पद पर हो गया। दस साल से नीरज तीरंदाजी का अभ्यास कर रहे थे। सोनभद्र हास्टल में रहने के बाद नीरज का चयन आइटीबीपी में सिपाही के पद पर हुआ। बीते छह साल से आइटीबीपी में इंस्पेक्टर कोच प्रियंक त्यागी के मार्गदर्शन में अभ्यास किया। प्रियंक ने बताया कि नीरज ने व्यक्तिगत वर्ग में भारत के ही धीरज को हराकर कांस्य पदक प्राप्त किया।

रिकर्व व्यक्तिगत पुरुष वर्ग में वर्ष 2010 में तरुणदीप राय ने रजत पदक जीता था। इससे पहले क्वार्टर फाइनल में नीरज ने कोरिया के तीन बार के ओलिंपिक मेडलिस्ट खिलाड़ी किम जे ड्यूक को हराया। प्रियंक ने बताया कि अब नीरज को ओलिंपिक के लिए तैयारी करनी है।


विवेक अब 800 मीटर दौड़ में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
मेरठ (वि.) : कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रशिक्षण कर रहे डेफ एथलीट विवेक राणा मलेशिया में होने जा रही डेफ्लिंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। शनिवार तीन को शुरू होकर 10 अक्टूबर तक मलेशिया के पेनांग में आयोजित होने वाली प्रथम एशिया पैसिफिक डेफ मल्टी-स्पोर्ट्स चैंपियनशिप-2026 के लिए चयनित भारतीय डेफ एथलेटिक्स टीम में विवेक भी शामिल हैं।

वह भारतीय टीम के साथ मलेशिया पहुंच चुके हैं। विवेक 800 मीटर दौड़ में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। मूल रूप से बिजनौर के रहने वाले विवेक राणा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहले भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुके हैं। उन्होंने वर्ष 2025 में टोक्यो में आयोजित डेफ्लिंपिक गेम्स में 800 मीटर स्पर्धा में हिस्सा लिया था। अब मलेशिया में होने वाली प्रतियोगिता में उनसे बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

विवेक कैलाश प्रकाश स्टेडियम में एथलेटिक्स प्रशिक्षक गौरव त्यागी के मार्गदर्शन में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। विवेक के चयन पर क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारी जितेंद्र यादव, पैरा खेल संघ मेरठ के अध्यक्ष अश्वनी गुप्ता, जिला ओलिंपिक संघ के सचिव प्रेम कुमार समेत जिले के खेल प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों ने उन्हें बधाई दी।