विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ की गोल्डन गर्ल मुस्कान: बेंच प्रेस चैंपियनशिप में फिर लहराया परचम, 105 KG वजन उठाकर जीता गोल्ड

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Wed, 28 Oct 2026 12:39 PM (IST)

मेरठ की पावरलिफ्टर मुस्कान ने उत्तर प्रदेश बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2026 में 69 किलोग्राम भार वर्ग में 105 किलोग्राम वजन ...और पढ़ें

उत्तर प्रदेश बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2026 में पदक जीतने के बाद मुस्कान।

उत्तर प्रदेश बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2026 में पदक जीतने के बाद मुस्कान।

HighLights

  1. नियमित अभ्यास, अनुशासन और तकनीक पर मेहनत से मिला परिणाम।

  2. स्टेट से लेकर राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक में जीत चुकी हैं कई स्वर्ण पदक।

जागरण संवाददाता, मेरठ। हौसले बुलंद हों और मेहनत पर भरोसा, तो सफलता की राह आसान हो जाती है। मेरठ की पावरलिफ्टर मुस्कान ने अपनी मेहनत और दमदार प्रदर्शन से इसे साबित किया है। उत्तर प्रदेश बेंच प्रेस चैंपियनशिप 2026 में मुस्कान ने 69 किलोग्राम भार वर्ग में 105 किलोग्राम वजन उठाकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

गाजियाबाद स्थित एचएलएम कालेज में आयोजित प्रतियोगिता में उनके प्रदर्शन ने जिले को गौरवान्वित किया। मुस्कान पिछले चार वर्षों से लगातार पावरलिफ्टिंग और बेंच प्रेस में शानदार प्रदर्शन कर रही हैं। उनके खाते में राज्य स्तरीय, राष्ट्रीय और अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिताओं के कई स्वर्ण पदक दर्ज हैं।

मुस्कान की इस उपलब्धि के पीछे नियमित अभ्यास, अनुशासन और तकनीक पर उनकी मेहनत अहम रही है। कोच धीरज सिंह के मार्गदर्शन में उन्होंने अपनी ताकत और खेल कौशल को लगातार निखारा है। वर्ष 2026 की चैंपियनशिप में 105 किलोग्राम वजन उठाकर उन्होंने एक बार फिर अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।

2022 से शुरू हुआ स्वर्ण पदकों का सिलसिला

मुस्कान की उपलब्धियों पर नजर डालें तो वर्ष 2022 में उन्होंने स्टेट बेंच प्रेस चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। वर्ष 2023 में स्टेट क्लासिक पावरलिफ्टिंग और स्टेट बेंच प्रेस चैंपियनशिप, दोनों में स्वर्ण पदक हासिल किए। वर्ष 2024 में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के साथ उन्हें 'स्ट्रांग वुमन' का खिताब भी मिला। इसी वर्ष गोवा में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा साबित की।

इंटर यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता में भी दिखाया दम

वर्ष 2025 मुस्कान के लिए उपलब्धियों से भरा रहा। उन्होंने क्लासिक पावरलिफ्टिंग और बेंच प्रेस में स्वर्ण पदक हासिल किए। अंतर विश्वविद्यालय प्रतियोगिता में भी स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने आल इंडिया यूनिवर्सिटी प्रतियोगिता के लिए चयन प्राप्त किया। इस प्रदर्शन ने उन्हें विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिलाया।

लगातार बेहतर प्रदर्शन पर नजर

मुस्कान की उपलब्धियां बताती हैं कि वह पावरलिफ्टिंग में लगातार अपनी स्थिति मजबूत कर रही हैं। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं से राष्ट्रीय मंच तक उनका सफर उनकी मेहनत और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। कोच धीरज सिंह के मार्गदर्शन में वह आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने के लक्ष्य के साथ अभ्यास कर रही हैं। उनकी सफलता मेरठ के उन खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, जो सीमित संसाधनों के बीच मेहनत के दम पर खेल जगत में पहचान बनाना चाहते हैं।