मेरठ की कान्हा गोशाला में 500 से अधिक गोवंशियों को मिलेगा आधुनिक आश्रय, दो करोड़ रुपये की लागत
मेरठ में नगर पालिका परिषद द्वारा 2 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक कान्हा गोशाला जल्द ही 500 से अधिक बेसहारा गोवंशियों को आश्रय प्रदान करेगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मेरठ में 2 करोड़ की लागत से बनी कान्हा गोशाला।
500 से अधिक बेसहारा गोवंशियों को मिलेगा नया आश्रय।
चारे, पानी, सुरक्षा और पशु चिकित्सक की सुविधा उपलब्ध।
जागरण संवाददाता, मेरठ। मुख्यमंत्री की प्राथमिकताओं में बेसहारा गोवंशी के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका परिषद ने दो करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक कान्हा गोशाला का निर्माण मेरठ रोड पर बड़ा महादेव मंदिर के समीप किया है। यह कार्य लगभग पूरा हो चुका है और जल्द ही 500 से अधिक बेसहारा गोवंशियों को आश्रय मिलेगा। इसमें नगर क्षेत्र और आसपास के गांवों के गोवंशों को रखा जाएगा, साथ ही चारा और अन्य व्यवस्थाओं की भरपूर उपलब्धता होगी।
कान्हा गोशाला का निर्माण लगभग पांच बीघा जमीन पर किया गया है, जिसमें 1.60 करोड़ रुपये शासन की ओर से और 50 लाख रुपये नगर पालिका द्वारा दिए गए हैं। भवन का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य 40 दिनों में समाप्त होगा। इससे हस्तिनापुर रोड पर स्थित पिंजरापोल गोशाला का भार भी कम होगा।
नगरपालिका अधिकारियों के अनुसार, निर्माण कार्य पूरा होने पर पहले 75 गोवंशियों को नए आश्रय स्थल में स्थानांतरित किया जाएगा। गोशाला में गोवंशियों के लिए चारे के भंडारण हेतु दो बड़े हाल, पानी की व्यवस्था, सुरक्षा गार्ड के लिए कक्ष और पशु चिकित्सक के लिए अलग कक्ष बनाए गए हैं। नपा ईओ कृष्णकांत मिश्रा ने कहा कि आदर्श गोशाला का निर्माण जल्द पूरा होगा।
