विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ के तीन मार्ग होंगे विशेष सुख-सुविधा वाले, मेडा बोर्ड की बैठक में होगा प्रस्ताव...चुकाना होगा अतिरिक्त शुल्क

By Pradeep Diwedi Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 15 Oct 2026 05:45 AM (IST)

मेरठ विकास प्राधिकरण (MDA) 17 अक्टूबर को अपनी बोर्ड बैठक में शहर के तीन प्रमुख मार्गों - नमो भारत कॉरिडोर, ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. मेरठ विकास प्राधिकरण की 17 अक्टूबर को प्रस्तावित बोर्ड बैठक में रखा जाएगा प्रस्ताव

  2. संबंधित क्षेत्र में मानचित्र पास कराने पर देना होगा अतिरिक्त शुल्क, मिलेंगी खास सुविधा

जागरण संवाददाता, मेरठ। जल्द ही आपके शहर में तीन प्रमुख मार्गों को विशेष सुख सुविधा क्षेत्र घोषित किया जाएगा। पहले इसे मेरठ विकास प्राधिकरण मेडा अपने बोर्ड बैठक में प्रस्ताव स्वीकृत करेगा, फिर उसे शासन को भेजा जाएगा। शासन इसकी अधिसूचना जारी करेगा। नमो भारत कारिडोर मार्ग यानी मोहिउद्दीनपुर से मोदीपुरम तक, गढ़ रोड, आउटर रिंग रोड (एनएचएआइ द्वारा बनाए जा रहे कनेक्टर) को विशेष सुख सुविधा क्षेत्र घोषित किया जाएगा। ऐसा होने पर इन क्षेत्रों में मानचित्र पास कराने पर अतिरिक्त शुल्क चुकाना होगा।

प्राप्त शुल्क को उसी क्षेत्र के सुख-सुविधा पर खर्च किया जाएगा। पिछले साल प्रदेश सरकार ने मेरठ, लखनऊ, कानपुर, आगरा, गाजियाबाद में मेट्रो रेल, लाइट मेट्रो रेल, रोपवे व क्षेत्रीय त्वरित रेल (रैपिड रेल) वाले क्षेत्रों में व्यावसायिक भवन का मानचित्र स्वीकृत कराने पर विशेष सुख-सुविधा शुल्क लगाने के प्रस्ताव को स्वीकृति दी थी। मेडा के उपाध्यक्ष संजय कुमार मीना ने बताया कि मेडा बोर्ड से यदि इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिल जाएगी तो इसे शासन को भेजा जाएगा। शुल्क आदि शासन से तय होगा।

ये मिलेगा क्षेत्र के लोगों को लाभ
-कम भूमि के क्षेत्रफल पर ऊंची बिल्डिंग बनाई जा सकेगी।
-सड़क निर्माण, पार्किंग, शौचालय, फुटपाथ, ग्रीनरी की व्यवस्था रहेगी।
-परिवहन सेवाओं को संबंधित क्षेत्र से जोड़ा जाएगा। जैसे कि दिल्ली रोड पर नमो भारत ट्रेन व दो बस अड्डे। गढ़ रोड पर एक बस अड्डा व भविष्य में प्रस्तावित मेट्रो परियोजना।

-अब बिल्डर पैसे जमा कर अतिरिक्त फ्लोर यानी फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) खरीद सकेंगे।

आउटर रिंग रोड होगी महायोजना में शामिल
मवाना रोड से दौराला तक बनाया गया हाईवे, मवाना रोड से किला रोड होते हुए गढ़ रोड तक हाईवे और गढ़ रोड से हापुड़ रोड तक निर्माणाधीन हाईवे को मेरठ महायोजना 2031 में शामिल किया जाएगा। इसे एनएचएआइ अपने दस्तावेजों में हाईवे व कनेक्टर कहता है जबकि मेडा ने इसे आउटर रिंग रोड नाम दिया है।