विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दोस्त की विधवा भाभी से रात में मिलने पहुंच गया युवक, हत्या कर ट्यूबवेल पर फेंका शव

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 15 Sep 2026 05:55 AM (IST)

मेरठ के खरखौदा में एक युवक की हत्या कर उसका शव ट्यूबवेल के पास फेंक दिया गया। युवक अपनी दोस्त ...और पढ़ें

हत्या के बाद घटनास्थल पर जांच करती फोरेंसिक टीम व साथ में खड़े ग्रामीण। सौ. ग्रामीण

हत्या के बाद घटनास्थल पर जांच करती फोरेंसिक टीम व साथ में खड़े ग्रामीण। सौ. ग्रामीण

HighLights

  1. युवक की हत्या कर शव ट्यूबवेल पर फेंका गया।

  2. दोस्त की विधवा भाभी से मिलने गया था मृतक।

  3. प्रेम प्रसंग के चलते हत्या की आशंका, जांच जारी।

संवाद सूत्र, खरखौदा (मेरठ)। दोस्त की विधवा भाभी से मिलने गए युवक की शनिवार रात हत्या कर दी गई। शव को गांव से डेढ़ किमी दूर एक ट्यूबवेल पर फेंका गया। महिला के देवर और उसके साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने नामजद दोनों युवकों और उनके एक साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ की है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है, जबकि बिसरा सुरक्षित रखा गया है। जहर देकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। मृतक का महिला के साथ पिछले छह माह से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसे परिवार के लोगों ने मोबाइल पर बातचीत करते हुए पकड़ लिया था।

चंदपुरा निवासी किसान ईश्वर गुर्जर के 27 वर्षीय बेटे सुमित कुमार का शव सोमवार सुबह धनतला गांव के जंगल में रोहिताश के ट्यूबवेल के समीप सड़क के किनारे मिला। आसपास के लोगों ने शव देखकर परिवार को सूचना दी। तत्काल ही मामले की जानकारी खरखौदा पुलिस को दी गई। सीओ किठौर और खरखौदा पुलिस मौके पर पहुंची। शव को उठाकर पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में मौत के कारण स्पष्ट नहीं हो सका।

बिसरा सुरक्षित रखा गया है। पुलिस मान रही है कि जहर देकर हत्या की गई है। परिवार के लोगों ने गांव के अरविंद और सुमित पर हत्या की आशंका जाहिर करते हुए मुकदमा दर्ज कराया। दोनों को उनके एक साथी के साथ पुलिस ने हिरासत में ले लिया। सीओ विश्व ज्योति राय ने बताया कि अरविंद और ईश्वर के बेटे सुमित की दोस्ती थी।

मृतक सुमित अक्सर ही अरविंद से मिलने उनके घर पर जाता है। इसी बीच अरविंद की विधवा भाभी से सुमित की बातचीत होने लगी। दोनों में प्रेम प्रसंग हो गया। अरविंद ने भाभी को सुमित से बातचीत करते हुए पकड़ लिया था। तब से सुमित पर परिवार के लोग नजर रख रहे थे। शनिवार की रात को अरविंद के घर पर सुमित पहुंच गया।

माना जा रहा है कि तभी जहर देकर सुमित की हत्या कर दी। उसके बाद मौका पाकर शव को रोहिताश के ट्यूबवेल पर फेंक दिया। हत्या में कौन-कौन शामिल थे। उनकी काल डिटेल से पुलिस पता लगाने का प्रयास कर रही है। सुमित के नाक और मुंह से खून निकल रहा था। उसके दोनों पैरों पर घिसने के निशान भी मिले हैं। शव को बाइक पर रखकर यहां लाया गया था।

सुमित की हत्या से ग्रामीणों में आक्रोश :
सुमित की हत्या की सूचना मिलते ही चंदपुरा गांव में आक्रोश फैल गया। जिला पंचायत सदस्य गोपाल प्रधान समेत सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस से घटना का जल्द राजफाश कर हत्यारोपितो की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस जानकारी जुटाने के साथ ही शनिवार शाम सुमित के घर से निकलने के बाद उसके संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जांच कर रही है।

तीन भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था सुमित
सुमित तीन भाइयों में सबसे छोटा था। सबसे बड़े भाई अंकुश और उनसे छोटे अंकित और उससे छोटा सुमित है। सुमित की अभी शादी भी नहीं हुई। सबसे छोटा होने के बावजूद सुमित को परिवार के सभी लोग सबसे ज्यादा प्यार करते हैं। जैसे ही परिवार में सुमित की हत्या की सूचना पहुंची तो कोहराम मच गया स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

जीजा से दोस्त के खाते में डलवाए थे हजार रुपये
ग्रामीणों ने बताया कि सुमित ने लापता होने के बाद लोनी निवासी जीजा से एक दोस्त के खाते में एक हजार रुपये आनलाइन डलवाए थे। मृतक के भाई अंकित ने सुमित पुत्र रणवीर और अरविंद पुत्र दयानंद के खिलाफ हत्या की आशंका का मुकदमा दर्ज कराया है।