मेरठ के युवा राइडर्स का दिल्ली नेशनल इक्वेस्ट्रियन मीट में जलवा: भाई-बहन यश-रिद्धि और आरशिया का शानदार प्रदर्शन
National Equestrian Meet: दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता के पहले क्वालीफिकेशन राउंड में मेरठ के यश विश्वनाथ, रिद्धि विश्वनाथ और आरशिया गोस्वामी ने शानदार प्रदर्शन किया।

दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता में मेरठ के यश विश्वनाथ।
HighLights
यश विश्वनाथ ने ड्रेसाज और शो जंपिंग में राष्ट्रीय क्वालीफिकेशन हासिल किया।
रिद्धि विश्वनाथ ने दो घोड़ों के साथ ड्रेसाज-जंपिंग में क्वालीफाई किया।
आरशिया गोस्वामी ने जूनियर वर्ग में 70% ड्रेसाज अंक प्राप्त किए।
जागरण संवाददाता, मेरठ। घुड़सवारी में मेरठ के युवा राइडर लगातार अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रहे हैं। दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय घुड़सवारी प्रतियोगिता के पहले क्वालीफिकेशन राउंड में आर्मी पब्लिक स्कूल (एपीएस) मेरठ के तीन विद्यार्थियों ने ड्रेसाज और शो जंपिंग में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की अपनी दावेदारी मजबूत की है। यश विश्वनाथ, रिद्धि विश्वनाथ और आरशिया गोस्वामी ने अपने-अपने वर्ग में बेहतरीन प्रदर्शन कर घुड़सवारी के मैदान में तकनीक, संतुलन और आत्मविश्वास का परिचय दिया।
यश ने ड्रेसाज में 66 प्रतिशत अंक हासिल किए

चिल्ड्रन-वन वर्ग में पी. यश विश्वनाथ ने घोड़े अमर के साथ ड्रेसाज में 66 प्रतिशत का स्कोर हासिल कर क्वालीफिकेशन दर्ज किया। वहीं परम घोड़े के साथ उन्होंने 64 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। शो जंपिंग में अमर के साथ यश ने क्लियर राउंड पूरा किया, जबकि परम के साथ दो ड्राप हुए। इस तरह यश ने ड्रेसाज में दो घोड़ों और जंपिंग में एक घोड़े के साथ क्वालीफिकेशन हासिल किया।
रिद्धि ने दो घोड़ों के साथ जंपिंग में किया क्लियर राउंड

चिल्ड्रन-टू वर्ग में पी. रिद्धि विश्वनाथ ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने अमर के साथ ड्रेसाज में 65 प्रतिशत और गोल्डन ब्वाय के साथ 64 प्रतिशत अंक हासिल किए। शो जंपिंग में रिद्धि ने अमर और गोल्डन ब्वाय, दोनों घोड़ों के साथ क्लियर राउंड पूरा किया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने ड्रेसाज और जंपिंग, दोनों में दो घोड़ों के साथ क्वालीफिकेशन हासिल किया। यश और रिद्धि आरवीसी के ही अंतरराष्ट्रीय घुड़सवार पी. विश्वनाथ के बेटे बेटी हैं और छोटी उम्र से ही घुड़सवारी में प्रशिक और प्रतिभाग कर रहे हैं।
कर्नल गोस्वामी की बेटी आरशिया ने जूनियर वर्ग में मारी बाजी
जूनियर वर्ग में कक्षा 12वीं की छात्रा आरशिया गोस्वामी ने ड्रेसाज में 70 प्रतिशत अंक हासिल कर क्वालीफिकेशन पूरा किया, जबकि शो जंपिंग में क्लियर राउंड कर अपनी जगह पक्की की। आरशिया समेत ये तीनों प्रतिभाशाली राइडर आर्मी पब्लिक स्कूल, मेरठ से जुड़े हैं।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए राइडरों को दो क्वालीफिकेशन राउंड सफलतापूर्वक पूरे करने होते हैं। ड्रेसाज में 60 प्रतिशत अंक क्वालीफाइंग मानक हैं, जबकि शो जंपिंग में निर्धारित मानक के अनुसार अधिकतम एक पोल डाउन तक प्रदर्शन को क्वालीफाइंग माना जाता है। जूनियर नेशनल चैंपियनशिप जनवरी 2027 में बेंगलुरु में प्रस्तावित है।
आरशिया पहले भी कर चुकी हैं शानदार प्रदर्शन
आरशिया गोस्वामी का घुड़सवारी में प्रदर्शन लगातार उल्लेखनीय रहा है। इसी वर्ष 29 अगस्त से चार सितंबर तक जयपुर में आयोजित सप्त शक्ति हार्स शो में उन्होंने ओपन वर्ग की शो जंपिंग और ड्रेसाज स्पर्धाओं में हिस्सा लेते हुए चार स्वर्ण, तीन रजत और एक कांस्य सहित कुल आठ पदक जीते।
इससे एक सप्ताह पहले 22-23 अगस्त को दिल्ली में एपीआरसी की।ओर से आयोजित मानसून फेस्ट में आरशिया ने ओपन वर्ग की विभिन्न शो जंपिंग स्पर्धाओं में पांच स्वर्ण और एक रजत सहित छह पदक अपने नाम किए थे।
आरशिया वर्ष 2019 से लगातार जूनियर नेशनल इक्वेस्ट्रियन चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई करती आ रही हैं और कई राष्ट्रीय पदक जीत चुकी हैं। उनका नवीनतम उल्लेखनीय प्रदर्शन दिसंबर 2025 में दिल्ली में आयोजित जेएनईसी-2025 में आया, जहां उन्होंने जूनियर ड्रेसाज में राष्ट्रीय टीम स्वर्ण पदक जीता।
जेएनईसी-2025 में आरशिया जूनियर इवेंटिंग में भाग लेने वाली एकमात्र महिला प्रतिभागी भी थीं। यह उनका इस स्पर्धा में पहला रन था।
आरशिया के पिता कर्नल एके गोस्वामी स्वयं इवेंटिंग राइडर हैं और वर्तमान में आरवीसी सेंटर एंड कालेज मेरठ में सीनियर इक्विटेशन इंस्ट्रक्टर के पद पर तैनात हैं। उनकी माता का नाम राखी गोस्वामी है।
मेहनत, अनुशासन और घोड़े के साथ तालमेल है सफलता की कुंजी
यश, रिद्धि और आरशिया का प्रदर्शन यह दर्शाता है कि घुड़सवारी केवल गति और रोमांच का खेल नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य, तकनीकी दक्षता, संतुलन और राइडर-घोड़े के बीच बेहतरीन तालमेल का खेल है। राष्ट्रीय स्तर की राह में इन युवा राइडरों ने पहला कदम मजबूती से बढ़ाया है। अब दूसरे क्वालीफिकेशन राउंड में बेहतर प्रदर्शन कर राष्ट्रीय चैंपियनशिप का टिकट हासिल करने की चुनौती उनके सामने है।
मेरठ के इन युवा घुड़सवारों की उपलब्धियां शहर की खेल प्रतिभा के लिए उत्साहवर्धक हैं। उम्मीद है कि वे आगामी क्वालीफिकेशन में भी आत्मविश्वास के साथ उतरेंगे और राष्ट्रीय मंच पर मेरठ का नाम रोशन करेंगे।
