मेरठ में आवारा कुत्ते को डांटने का विरोध पड़ा भारी, चार युवकों को ईंट से कुचलकर महिला को मार डाला
मेरठ में आवारा कुत्ते को डांटने का विरोध करने पर चार शराबियों ने एक 60 वर्षीय महिला की ईंटों से ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
आवारा कुत्ते को डांटने पर महिला ने किया था विरोध।
चार शराबियों ने ईंटों से कुचलकर महिला की हत्या की।
पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया, तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। छावनी क्षेत्र में आवारा कुत्ते को डांटने का विरोध करने पर शराब के नशे में घूम रहे चार युवकों ने एक महिला की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी। आरोपितों के डर से परिवार ने पुलिस को सूचना तक नहीं दी। एक दिन बाद पड़ोसी की सूचना पर पुलिस ने 16 घंटे बाद घर से शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पीड़ित परिवार की निशानदेही पर दो नामजद समेत चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। दो आरोपितों को उनके घर से गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने हत्या करना स्वीकार कर लिया। उनके दोनों साथियों की तलाश को दबिश डाली जा रही है।
बागपत के बडौत थाने के बिजौली गांव निवासी रामचरण पिछले तीन साल से छावनी क्षेत्र के सर्वेंट क्वार्टर में रह रहे हैं। उनकी 60 वर्षीय पत्नी धर्मवती, बेटा भी उनके साथ रहता है। रामचरण की बेटी की शादी हो चुकी है। एसपी सिटी विनायक भोसले के अनुसार, बुधवार को कंकरखेड़ा के श्रद्धापुरी निवासी संदीप गांधी और गोली उर्फ योगेश अपने दो साथियों के साथ बेगमपुल पर शराब पीने के बाद शाम करीब चार बजे सर्वेंट क्वार्टर पहुंचे।
संदीप गांधी का परिवार भी पहले वहां रहता था। रामचरण के क्वार्टर के पास सड़क पर घूम रहे आवारा कुत्तों ने चारों युवकों का पीछा किया। युवकों ने पत्थर उठाकर कुत्तों पर हमला किया तो धर्मवती ने विरोध किया। आरोप है कि गुस्से में चारों उनके घर में घुस गए और उनकी हत्या कर दी। मारपीट के दौरान दीवार पर भी खून के छींटे पड़े। इसके बाद आरोपित फरार हो गए। घटना के समय धर्मवती के पति और बेटा भी नशे में थे। डर के कारण उन्होंने पुलिस को सूचना नहीं दी और शव घर में ही पड़ा रहा। गुरुवार सुबह सात बजे पड़ोसी ने यूपी-112 को जानकारी दी। एसपी सिटी और सीओ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
संदीप गांधी, गोली उर्फ योगेश और आकाश को नामजद कर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने संदीप और गोली को गिरफ्तार कर लिया। देर शाम दोनों ने हत्या करना कबूल किया। पुलिस अन्य दो साथियों की तलाश में दबिश दे रही है।
16 घंटे तक घटना को छिपाने पर पति भी संदेह के दायरे में आया
सीओ संजय गुप्ता ने बताया कि धर्मवती की हत्या के बाद भी रामचरण ने पुलिस को सूचना नहीं दी। रामचरण के पैर में भी चोट लगी है। महिला की हत्या ईंट से कुचलने पर हुई है। घटना को 16 घंटे तक छिपाने के मामले में रामचरण भी संदेह के दायरे में है। उसकी भूमिका पर भी पुलिस जांच कर रही है। दीवारों पर जो खून के निशान मिले है, वह गुरुवार के है। ऐसे में रामचरण की गतिविधि भी देखी जा रही है। संदीप गांधी और गोली उर्फ योगेश नशे की हालत में है, जो अपना जुर्म कबूल कर रहे है।
