विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में प्रसव के बाद महिला की मौत पर हंगामा, परिवार वालों का आरोप- डीजे की तेज आवाज से बिगड़ी तबीयत

Published: Sat, 26 Sep 2026 01:12 AM (IST)

सरधना के राणा मेटरनिटी होम में प्रसव के बाद एक महिला की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने डीजे ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई के द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. सरधना में प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों का हंगामा।

  2. परिवार ने डीजे की तेज आवाज से तबीयत बिगड़ने का आरोप लगाया।

  3. अस्पताल ने डीजे से बीपी बढ़ने के दावे को नकारा।

जागरण संवाददाता, सरधना। कस्बे के मुहल्ला किला खेवान निवासी महिला की सरधना-बिनौली रोड स्थित राणा मेटरनिटी होम में प्रसव के बाद मौत हो गई। शुक्रवार को देर रात एक व्यक्ति का इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें उसने आरोप लगाया कि उसके भतीजे की पत्नी की मौत डीजे की तेज धमक के कारण हुई है। उधर, अस्पताल संचालिका का कहना है कि डीजे की तेज आवाज और धमक से बीपी नहीं बढ़ा है।

मुहल्ला किला कालंद चुंगी निवासी शावेज ने बताया कि उसने अपनी 24 वर्षीय पत्नी यासमीन को राणा मैटरनिटी होम में प्रसव के लिए भर्ती किया था। उसने एक लड़के को जन्म दिया। बाद में उसे दूसरे कमरे में शिफ्ट कर दिया गया था। शावेज का कहना है कि गणपति विसर्जन यात्रा के दौरान अस्पताल के सामने से तेज आवाज में डीजे बज रहा था।

आरोप है कि डीजे की तेज धमक के दौरान अचानक यासमीन की तबीयत बिगड़ गई व उसका ब्लड प्रेशर बढ़ने से हालत गंभीर हो गई। तभी चिकित्सकों ने महिला को रेफर कर दिया। स्वजन उसे मेरठ ले जा रहे थे, लेकिन यासमीन ने बीच रास्ते में ही दम तोड़ दिया। शावेज ने बताया कि वे शनिवार यानि आज पुलिस को तहरीर देंगे।

उधर, देर रात इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हुआ, जिसमें अरशद ने आरोप लगाया कि उसके भतीजे की पत्नी यासमीन की मौत डीजे की तेज आवाज और धमक से हुई है। राणा मैटरनिटी होम की संचालिका डॉ. कमलेश राणा ने बताया कि यासमीन अस्पताल में साढ़े 10 बजे आई थी।

उस दौरान बीपी बढ़ा हुआ था, जिसे समान्य करने के बाद सिजेरियन किया। लगभग तीन घंटे बाद बीपी अचानक बढ़ गया और दौरे भी पड़ने लगे। जिस पर उन्हें रेफर कर दिया। उनका कहना है कि बीपी डीजे की तेज आवाज से नहीं बढ़ा था।

यह भी पढ़ें- नेपाल से 'रावण की ससुराल' तक 2295 KM साइकिल यात्रा, इसमें पद्मभूषण अनिल जोशी के नेतृत्व में होगा पर्यावरण की चुनौतियों पर मंथन