Meerut WeatherForecast: जुलाई में झमाझम बारिश से सराबोर हुई वेस्ट यूपी, जानें- अगस्त में कैसा रहेगा मौसम का मिजाज
जुलाई की शुरुआत में लग ही नहीं रहा था कि मानसून का सीजन चल रहा है। गर्म हवाएं चल रही थीं और तापमान 40 के आसपास था। 14 जुलाई के बाद मौसम ने करवट ली। एक ही दिन के झमाझम बारिश में पूरा क्षेत्र बारिश के पानी से भर गया।
जागरण संवाददाता, मेरठ। जुलाई के शुरुआत के दिनों में मानसून आने व बारिश होने के लिए इंतजार किया जा रहा था। लेकिन जुलाई का दूसरा पखवाड़ा मानसून बारिश से सराबोर हो गया। इसका नतीजा यह रहा कि 43 फीसद अधिक बारिश के साथ माह का समापन हुआ। जबकि पहले पखवाड़े में सामान्य की तुलना में 80 प्रतिशत कम बारिश हुई थी। भीषण गर्मी का संकट छाया रहा। एक से 31 जुलाई तक मेरठ में 298 मिलीमीटर बारिश हुई है।
सामान्य बारिश का आंकड़ा 209 मिमी है। जुलाई की शुरुआत में लग ही नहीं रहा था कि मानसून का सीजन चल रहा है। गर्म हवाएं चल रही थीं और तापमान 40 के आसपास था। 14 जुलाई के बाद मौसम ने करवट ली। एक ही दिन की झमाझम बारिश में पूरा क्षेत्र बारिश के पानी से भर गया। जिसके अगले दिन से फिर से गर्मी बढ़ने लगी। लेकिन मानसूनी बारिश के दोबारा दस्तक देने से वर्षा जमकर हुई। सावन के आरंभ के बाद बारिश में और तेजी आई। पिछले चार दिन में 10 सेंटीमीटर बारिश हुई है। तीन अगस्त तक मानसूनी बारिश जारी रहने की संभावना है।
शनिवार को दोपहर बाद चार डिग्री चढ़ा पारा
आमतौर पर अधिकतम तापमान 2.30 से तीन बजे के बीच दर्ज किया जाता है। इसके बाद तापमान गिरना आरंभ हो जाता है। शनिवार को दिन में बादल छाए रहे और कई बार बौछार भी पड़ीं। लेकिन तीन बजे के बाद आसमान साफ हो गया और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 35.4 डिग्री दर्ज किया गया।
चार दिनों तक झमाझम बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने मेरठ और आसपास के जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। बताया है कि अगले चार दिनों तक झमाझम बारिश पड़ने की संभावना है। इस दौरान जगह- जगह जलभराव की समस्या आ सकती है। साथ ही लोगों को आने जाने में भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।