मेरठ, जेएनएन। Meerut Weather Update मेरठ और आसपास के जिलों में अब ठंड अपना असर दिखाने लगी है। ठंड का जोर बढ़ने लगा है। दिन में धूप निकलने से कुछ राहत है तो वहीं स्माग के चलते प्रदूषण के हालात भी बन रहे हैं। गुरुवार को मेरठ में अधिकतम तापमान 29.2 और न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री रहा। आज का मौसम ठंडा ही बना रहेगा। शुक्रवार को हल्के बादलों के बीच धूप खिलेगी। सुबह और शाम को मौसम ठंडा रहेगा। नवंबर माह में आने वाले दिनों में लोगों को अच्छी ठंड का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग ने भी ठंड बढ़ने के संकेत जाहिर किए हैं।
हिमालय क्षेत्र में बना पश्चिम विक्षोभ
बढ़ती ठंड के बीच अपनी सेहत का ख्याल रखना जरूरी है। सुबह और शाम को गर्म कपड़ों का प्रयोग करें। वहीं दूसरी ओर निजी मौसम एजेंसी स्काइमेट के उपाध्यक्ष महेश पलावत ने बताया कि हिमालय क्षेत्र में बना पश्चिम विक्षोभ आगे निकल गया है। इसके प्रभाव से उत्तरीय इलाकों से ठंडी हवाओं का प्रवाह मैदानी क्षेत्रों में आरंभ होगा। जिससे मेरठ समेत एनसीआर में तापमान में गिरावट होगी और इस गिरावट का सिलसिला धीरे-धीरे बढ़ेगा।
शीतलहर की दस्तक
यह भी बता दें कि पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट दर्ज की जाएगी। दिन में मौसम साफ रहेगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि ला नीना के प्रभाव से उत्तर भारत में सामान्य से अधिक ठंड रहने की संभावना है। नवंबर के तीसरे सप्ताह में शीतलहर भी दस्तक दे सकती है। शीतलहर के साथ ही कोहरे का भी असर देखने का मिलेगा। ऐसे में एहतियात बरतने की भी जरूरत है। दीपावाली के बाद से सर्दी बढ़ती हुई दिख रही है। शुक्रवार को वेस्ट यूपी में बादलों के बीच धूप निकली। सुबह के समय कई स्थानों पर कोहरा भी देखा गया।
a