मेरठ में करवा चौथ पर बरसात, चांद के दीदार में पड़ सकता है खलल; IMD ने जारी किया है येलो अलर्ट
मेरठ में करवा चौथ पर गुरुवार सुबह से हल्की बारिश जारी है, जिससे चांद के दीदार में खलल पड़ सकता है। मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
अर्नब चक्रवात और हिमालय में सक्रिय हुए पश्चिम विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से बरसात।
बरसात से वायु गुणवत्ता में हुआ सुधार, शुक्रवार को भी बरसात का अनुमान।
जागरण संवाददाता, मेरठ। करवा चौथ के पर्व के दिन गुरुवार सुबह से जिले के कई क्षेत्रों में हल्की बरसात जारी है। ऐसे में शाम को चंद्रमा के बादलों के ओट में ही रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी बरसात की संभावना जतायी है। अक्टूबर के अंतिम दौर में इस तरह बेमौसम बरसात से ठंड में इजाफा होगा।
मेरठ के लिए मौसम विभाग में येलो अलर्ट जारी किया है, जबकि यमुनानगर, पानीपत, करनाल जैसे शहरों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इस बार जनपद में लगातार अच्छी बरसात देखने को मिल रही है। मानसून सीजन में मेरठ में अब तक की सर्वाधिक 1265 मिलीमीटर बरसात हुई है। 34 साल पुराना रिकार्ड टूटा है। यह सिलसिला अक्टूबर में भी जारी है।
मौसम विज्ञानियों ने कहा है कि आंध्र प्रदेश और उड़ीसा के तटीय क्षेत्रो मे सक्रिय हुए अर्नब चक्रवात और हिमालय में सक्रिय हुए पश्चिम विक्षोभ के संयुक्त प्रभाव से मेरठ और एनसीआर में बरसात देखने को मिल रही है।
करवा चौथ पर महिलाएं चंद्रमा देख कर व्रत का पारण करती हैं, लेकिन बरसात और बादल के चलते चंद्रमा के बादलों के ओट में ही रहने की संभावना है। ऐसे महिलाओं का इंतजार लंबा हो सकता है। बरसात से वायु गुणवत्ता में भी सुधार हुआ है।
व्रत खोलने से पहले दें ध्यान
डायटिशियन डाॅ. भावना गांधी ने व्रत खोलने से पहले महिलाओं को कुछ बातें ध्यान रखने की सलाह दी है। उनके अनुसार करवाचौथ पर पूरा दिन व्रत में महिलाएं कुछ नहीं खाती हैं। पानी भी नहीं पीती हैं। ऐसे में चांद के दीदार के बाद व्रत खोलने पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
व्रत खोलने के दौरान हल्का भोजन करें। दही खा लें। नारियल पानी पी लें। दाल या सब्जी ले लें। पूड़ी-कचौड़ी एकदम से खाने से बचें। पाचन में समस्या हो सकती है। पेट खराब हो सकता है। वहीं, व्रत शुरू करने से पहले मौसमी फलों का सेवन, बादाम व ड्राई फ्रूट लेना भी ठीक रहता है। इससे प्यास कम लगती है। सेवइंया खाने से प्रोटीन और ऊर्जा दोनों मिलती है। शुगर के मरीज अपने चिकित्सक की सलाह से ही व्रत रखें।
