घर का पता बदला और बीएलओ ने काट दिया मतदाता सूची से नाम, फिर से नाम जोड़ने के लिए भटक रहे लोग
मेरठ में विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए विशेष शिविर आयोजित किया गया। एसआइआर के ...और पढ़ें

विशेष मतदाता शिविर के दौरान शास्त्रीनगर में एक बूथ का निरीक्षण करते जिलाधिकारी डा. वी के सिंह। सौजन्य सूचना विभाग
HighLights
मेरठ में मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए विशेष शिविर।
एसआइआर से हटे नाम व नए मतदाता कर रहे आवेदन।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बूथों का किया निरीक्षण।
जागरण संवाददाता, मेरठ। विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए शनिवार को आयोजित विशेष शिविर के दौरान पूरे जनपद में बूथों पर बड़ी संख्या में ऐसे लोगों ने पहुंचकर फार्म 06 जमा कराया जिनके नाम एसआइआर के दौरान या तो मतदाता सूची से काट दिए गए थे अथवा नोटिस और सुनवाई के बाद भी उनके नाम को शामिल नहीं किया गया था।मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए लोग परेशान दिखाई दिए।वहीं ऐसे युवाओं ने भी फार्म भरे जिनकी आयु हाल ही में 18 वर्ष पूरी हुई है।
भारत निर्वाचन आयोग के आदेश से विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची का विशेष सूक्ष्म पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। शनिवार को सभी बूथों पर विशेष शिविरों का आयोजन करके बीएलओ को दिनभर बूथ पर बैठने का आदेश दिया गया था।विशेष शिविर में ऐसे लोगों को मतदाता सूची में नाम शामिल कराने का मौका दिया जा रहा है जिनके नाम या तो एसआइआर के दौरान मतदाता सूची से हट गए थे अथवा वर्ष 2003 की मतदाता सूची से संबंध स्थापित न कर पाने के कारण उनके नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं किए गए थे।
विशेष शिविर में प्रत्येक बूथ पर बड़ी संख्या में ऐसे लोग पहुंचे और मतदाता सूची में नाम शामिल करने के लिए आवेदन किया। प्रत्येक व्यक्ति की अपनी अलग पीड़ा थी। रूड़की रोड पर रौशनपुर डौरली गांव में कन्या उच्च प्राथमिक विद्यालय में बने बूथ पर भी ऐसे कई लोग पहुंचे। महिला शुभ्रा ने बताया कि उनका नाम पुरानी मतदाता सूची में था। घर का पता बदलने के कारण बीएलओ ने एसआइआर के दौरान उनका नाम मतदाता सूची से हटा दिया।इसके बाद उन्होंने आवेदन किया, सुनवाई कराई लेकिन नाम नहीं जोड़ा गया।आज उन्होंने अपने नए पते से संबंधित बूथ पर पहुंचकर आवेदन किया।आकांक्षा हाइट के अक्षत चौधरी और महिला लता ने भी नाम जुड़वाने के लिए आवेदन किया।बीएलओ शोभा पाल ने बताया कि विशेष शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर आवेदन जमा कराए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी डा. वी के सिंह ने एलेक्जेंडर पब्लिक स्कूल शास्त्रीनगर, सीता भारती हायक सेकेंडरी स्कूल, धनवन्तरि भवन जयदेवी नगर समेत कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया तथा मतदाताओं और बीएलओ से जानकारी ली।उन्होंने सभी से नाम शामिल कराने और त्रुटियों को ठीक कराने की अपील की।एडीएम प्रशासन विजय वर्धन तोमर उनके साथ रहे।
