...तो इसलिए CCSU के हजारों विद्यार्थियों की अटक गई मार्कशीट, पता तो सही है मगर यहां हो गई गड़बड़ी
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में डाक शुल्क बढ़ने से हजारों छात्रों की मार्कशीट अटक गई हैं। पहले ₹42 का टिकट लगता था, जो अब ₹55 हो गया है। जिन छात्रों ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से डाक विभाग द्वारा मार्कशीट भेजने के शुल्क में अचानक की गई वृद्धि के कारण हजारों छात्र-छात्राओं की मार्कशीट पते तक नहीं पहुंच पाई है, जिससे वे लंबे समय से घर पर ही अपनी मार्कशीट का इंतज़ार कर रहे हैं। डाक टिकट की कीमत ₹42 से बढ़कर ₹55 हो जाने के बाद पूर्व में आवेदन कर चुके छात्र-छात्राओं की मार्कशीट बीच में ही अटक गई हैं।
विश्वविद्यालय के छात्र सहायता केंद्र से मार्कशीट के लिए आवेदन करते समय छात्रों को ₹42 मूल्य का डाक टिकट लिफाफे के साथ जमा करना होता था। पिछले 20 दिनों में डाक विभाग ने यह शुल्क बढ़ाकर ₹55 कर दिया है। सबसे बड़ी समस्या उन हजारों छात्रों के सामने आई है, जिन्होंने शुल्क वृद्धि से पहले आवेदन किया था और केवल ₹42 का टिकट जमा किया था। कम शुल्क वाले डाक टिकट के कारण, उनकी मार्कशीटों का वितरण रोक दिया गया है।
पूर्व महामंत्री अंकित अधाना ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को तत्काल प्रभाव से छात्रों को इस परिवर्तन की सूचना देनी चाहिए थी। सूचना के अभाव में हजारों छात्र घर बैठे इंतजार कर रहे थे। जिन छात्रों को मार्कशीट की अतिशीघ्र आवश्यकता थी, वे विश्वविद्यालय से संपर्क कर स्वयं भी रिसीव कर सकते थे।
छात्रों की परेशानी को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द से जल्द टिकट की व्यवस्था करे और सभी लंबित मार्कशीटों को छात्रों के पते पर भेजा जाए। वहीं, विश्वविद्यालय सूत्रों का कहना है कि आवश्यक फाइल कुलपति कार्यालय भेजी गई है। कुलपति कार्यालय से मंजूरी मिलने के बाद बढ़ी हुई डाक टिकट की व्यवस्था की जाएगी और सभी लंबित मार्कशीटों को छात्रों के पते पर भेजा जाएगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।