विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

न्यू टाउनशिप के लिए सर्वे कार्य शुरू, जल्द ही आकार लेगा लेआउट

By Pradeep Diwedi Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 10 Sep 2026 06:00 AM (IST)

मेरठ में दिल्ली रोड किनारे प्रस्तावित प्रदेश की पहली इंटीग्रेटेड टीओडी टाउनशिप के लेआउट की प्रक्रिया तेज हो गई है। ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. मेरठ की पहली इंटीग्रेटेड टीओडी टाउनशिप का लेआउट कार्य तेज।

  2. कंसल्टेंट कंपनी ने टाउनशिप के लिए निरीक्षण, ड्रोन सर्वे शुरू किया।

  3. प्रारंभिक लेआउट एक महीने में तैयार, नए साल तक लॉन्चिंग संभव।

जागरण संवाददाता, मेरठ। दिल्ली रोड किनारे प्रस्तावित प्रदेश की पहली इंटीग्रेटेड टीओडी टाउनशिप का लेआउट तैयार करने की प्रक्रिया तेज हो गई है। कंसल्टेंट कंपनी आइक्यूटी इंडिया कंपनी ने स्थलीय निरीक्षण, ड्रोन सर्वे आदि शुरू कर दिया है। मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) के नियोजन अनुभाग में संबंधित कंपनी की पांच सदस्यीय टीम में टाउन प्लानर, सर्वेयर आदि की तैनाती हो चुकी है।

टीम प्रवेश व निकास द्वार की उपयुक्त स्थिति, जमीन की ऊंचाई व ढलान, मौजूदा रोड नेटवर्क, आसपास की सड़कों की दशा और ड्रेनेज व्यवस्था का बारीकी से जायजा ले रही है, ताकि इनके आधार पर व्यावहारिक लेआउट तैयार किया जा सके। मेडा अनुसार करीब एक महीने में प्रारंभिक लेआउट तैयार हो जाएगा। मेडा के मुख्य नगर नियोजक तेज प्रताप सिंह ने बताया कि संबंधित कंपनी को प्रारंभिक सर्वे रिपोर्ट उपलब्ध करा दिया गया है। यहां पर नहर व पुरानी सड़क भी है इसलिए लेआउट में उसको भी समायोजित किया जाना है। लेआउट के लिए दो महीने का समय दिया गया है।

यह होती है टीओडी टाउनशिप
टीओडी यानी ट्रांजिट ओरिएंटेड डेवलपमेंट नीति के तहत ऐसी टाउनशिप विकसित की जाती है, जो नमो भारत जैसी परिवहन के प्रमुख गलियारे के आसपास बसाई जाए, ताकि आवासीय, व्यावसायिक और कार्यालय संबंधित गतिविधियां मेट्रो या रैपिड जैसे तीव्र परिवहन साधनों से सीधे जुड़ी रहें।

सीमित भूमि में अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध करानी होती हैं इसलिए इसमें प्लाटेड विकास के बजाय फ्लैटेड विकास को प्रोत्साहित किया जाता है। इसलिए इसमें नीचे दुकान और ऊपर मकान का सिद्धांत लागू होता है। इस टाउनशिप में शापिंग कांप्लेक्स के ऊपर आवासीय अपार्टमेंट रहेंगे।

31 सेक्टरों में फेस-वन व फेस-टू में विकसित होगी टाउनशिप
इस टाउनशिप को फेस-वन व फेस-टू के रूप में विकसित किया जाएगा। दोनों फेस को कुल 31 सेक्टरों में बांटा गया है।यह ऐसी टाउनशिप होगी जिसमें आवास तो होंगे उसी परिसर में औद्योगिक क्षेत्र व व्यावसायिक क्षेत्र भी होंगे। नई बात यह होगी इसमें आवास के साथ ही उद्योग व व्यवसाय के लिए फ्लैट व कांप्लेक्स रहेंगे।

नए साल तक प्लाट आवंटित करने के लिए हो सकती है लांचिंग
दिल्ली रोड किनारे मोहिउद्दीनपुर, इकला, छज्जूपुर व कायस्थ गांवड़ी से कुल 294 हेक्टेयर भूमि खरीदी जानी है।टाउनशिप के लिए अब तक समझौते के आधार पर 160 हेक्टेयर भूमि खरीदी जा चुकी है। अब अधिग्रहण कानून के तहत 123 हेक्टेयर भूमि खरीदी जाएगी। इसमें 11 हेक्टेयर भूमि ग्राम सभा की है, जो जल्द ही जिला प्रशासन की ओर से मेडा के पक्ष में नामांतरित कर दी जाएगी। इस टाउनशिप को नव वर्ष तक लांचिंग करने की तैयारी है। उसमें प्रथम दो सेक्टरों के लिए प्लाट आवंटन शुरू हो सकता है।