मंदिर में प्रेमी संग फेरे ले रही थी युवती, स्वजन ने मौके पर पहुंच किया हंगामा... हवन कुंड व अन्य सामान तोड़ डाला
मवाना के शिव शक्ति मंदिर में प्रेमी संग शादी कर रही युवती का उसके स्वजन ने विरोध करते हुए हंगामा ...और पढ़ें

मवाना की शिवपुरी में मंदिर के पास हंगामे के दौरान जमा भीड़ व दोनोंं पक्ष को समझाती पुलिस। जागरण
HighLights
मवाना के शिव शक्ति मंदिर में प्रेम विवाह का विरोध।
युवती के स्वजन ने मंदिर में तोड़फोड़ कर हंगामा किया।
जागरण संवाददाता, मवाना (मेरठ)। मुहल्ला मुन्नालाल स्थित शिवपुरी कालोनी के शिव शक्ति मंदिर में शुक्रवार को युवक-युवती शादी के लिए फेरे ले रहे थे। इस दौरान युवती के स्वजन पहुंच गए और शादी का विरोध करते हुए हंगामा करने लगे। उन्होंने मंदिर में रखे हवन कुंड सहित अन्य सामान में तोड़फोड़ की। सूचना पर पुलिस पहुंची और सभी को थाने ले गई। यहां से कंकरखेड़ा पुलिस दोनों को अपने साथ ले गई।
मवाना के मुहल्ला तिहाई निवासी वासु का कंकरखेड़ा के एक गांव निवासी युवती के साथ प्रेम प्रसंग है। एक सितंबर को युवती घर से लापता हो गई थी। स्वजन ने कंकरखेड़ा थाने में युवती की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। शुक्रवार को युवती प्रेमी वासु के साथ मवाना की शिवपुरी कालोनी स्थित मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर रहा था। दोनों फेरे ले रहे थे तो युवती के स्वजन मंदिर परिसर में पहुंच गए और शादी का विरोध करते हुए हंगामा करने लगे। इससे दोनों पक्षों के बीच विवाद होने लगा।
इस पर गुस्साए युवती के स्वजन ने मंदिर परिसर में तोड़फोड़ करते हुए हवनकुंड क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस युवक-युवती और अन्य को थाने ले गई। मंदिर पुजारी महेश शर्मा ने बताया कि युवक-युवती ने पहले से ही कोर्ट मैरिज करने की बात कही थी। इसके बाद वह दोनों हिंदू रीति-रिवाज से विवाह की रस्में पूरी करने आए थे।
थाना प्रभारी ब्रह्मकुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रेम प्रसंग के चलते चार दिन से युवती घर से गायब थी। कंकरखेड़ा थाने में युवती की गुमशुदगी दर्ज है। इसके चलते कंकरखेड़ा पुलिस दोनों को साथ ले गई। एसएसआइ रामप्रकाश शर्मा ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच वार्ता चल रही है। युवती के बयान के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
