मेरठ का तालिब हत्याकांड : पत्नी इलमा के बाद प्रेमी अमन भी गिरफ्तार, दिल्ली में किराये का मकान लेकर रह रहा था
मेरठ के तालिब हत्याकांड में पत्नी इलमा के बाद उसके प्रेमी अमन को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। ...और पढ़ें

पुलिस की गिरफ्त में प्रेमिका संग मिलकर उसके पति की हत्या का आरोपित अमन। सौ. पुलिस
HighLights
हत्या करने के बाद मोबाइल बंद कर अमन दिल्ली में छिपा हुआ था
अमन ने इलमा के साथ मिल तालिब की गला दबाकर हत्या की थी
जागरण संवाददाता, मेरठ। तालिब हत्याकांड में पत्नी इलमा के बाद उसके प्रेमी अमन को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वारदात के बाद अमन दिल्ली में किराये का मकान लेकर छिपा हुआ था। मोबाइल बंद करने के कारण उसकी लोकेशन नहीं मिल पा रही थी। फरारी के 20 दिन बाद अमन ने परिवार के लोगों से संपर्क किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। बताया गया कि वह परिवार से मिलने दिल्ली से आया था।
फतेहउल्लापुर की कच्ची जाकिर कालोनी निवासी तालिब की 28 सितंबर को मौत हो गई। पत्नी इलमा ने बताया कि हार्टअटैक होने से तालिब की मौत हुई है। पत्नी की बातों पर भरोसा कर स्वजन शव को ग्राम रसूलपुर दबेड़ी ले गए और सिपुर्द-ए-खाक कर दिया। सिपुर्द-ए-खाक से पूर्व ही इलमा ने घर का कीमती सामान पैक करना शुरू कर दिया। तब परिवार के लोगों ने तालिब का मोबाइल मांगा। इलमा ने मोबाइल से इन्कार कर दिया।
दो अक्टूबर को तालिब का मोबाइल कपड़ों से मिला। मोबाइल फोन में मिली रिकार्डिंग से हत्या का राजफाश हुआ। इलमा ने बताया कि 28 सितंबर को लेकर मामूली बात को लेकर तालिब के साथ कहासुनी हो गई। तालिब ने इलमा को थप्पड़ मार दिया। तब वह दूसरे रूम में चली गई। वहां से इलमा को बुलाया गया। तब भी नहीं आई तो दोबारा से मारपीट कर दी। उसके बाद इलमा ने अपने प्रेमी अमन को काल कर मामले की जानकारी दी।
करीब 15 मिनट बाद अमन अपने एक साथी के साथ पहुंचा। तब अमन ने तालिब की पिटाई शुरू कर दी। दुपट्टा गले में डाल दिया। इलमा ने तालिब के पैर पकड़े और अमन और उसके साथी ने गला दबाकर हत्या कर दी। सीओ संग्राम सिंह ने बताया कि शनिवार को लोहियानगर पुलिस ने अमन को गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से अमन दिल्ली में छिपा हुआ था।
