खूनी संघर्ष के बाद बड़ा फैसला: मेरठ की सुशांत सिटी काॅलोनी में बैचलर्स को मकान किराए पर देने पर RWA की रोक
मेरठ की सुशांत सिटी में छात्रों के बीच खूनी संघर्ष के बाद आरडब्ल्यूए ने बड़ा फैसला लिया है। अब कॉलोनी ...और पढ़ें

सुशांत सिटी कॉलोनी में विवाद के बाद अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के छात्र पुलिस को जानकारी देते हुए। फाइल फोटो
HighLights
बैठक में बैचलर्स को मकान किराए पर देने पर पूर्ण प्रतिबंध।
मौजूदा किरायेदारों को 15 दिन में मकान खाली करने का नोटिस।
जागरण संवाददाता, मेरठ। अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के छात्रों तथा स्थानीय छात्रों के बीच संघर्ष के बाद आरडब्ल्यूएस ने काॅलोनी में अराजकता रोकने के लिए अहम निर्णय लिए हैं। सुशांत सिटी सेक्टर तीन में हुई बैठक में 14 में से 13 सदस्यों ने किसी भी छात्र या बैचलर को मकान किराये पर नहीं देने का प्रस्ताव पारित किया।
बैचलर को मकान किराये पर देने वाले मकान मालिक पर जुर्माना लगाया जाएगा। उन्हें मकान दिलाने वाले ब्रोकर का कालोनी में प्रवेश प्रतिबंधित होगा। सभी बैचलरों को मकान खाली करने के लिए 15 दिन का नोटिस जारी किया गया। मकान खाली नहीं करने पर उनका पानी और बिजली काट दी जाएगी।
11 अक्टूबर को परतापुर थाना क्षेत्र के सुशांत सिटी काॅलोनी के सेक्टर तीन में अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम और स्थानीय छात्रों के बीच खूनी संघर्ष हुआ। तीन प्रदेशों के बीच होने से अफसरों ने संज्ञान लिया। अरुणाचल के छात्रों की तरफ से मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपितों को जेल भेजा गया। साथ ही कालोनी में पुलिस बल भी लगा दिया गया। इससे पहले भी कालोनी में तीन इस प्रकार की घटनाएं हो चुकी है। रोजाना बैचलर शराब पीकर हुड़दंग मचाते है।
लापरवाही और तेजी से वाहनों का संचालन होता है। इतना ही नहीं बाहरी लड़कियों को भी काॅलोनी में लाया जाता है। पदाधिकारी विकास यादव ने बताया कि इसी के मद्देनजर रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष विक्रम सिंह तोमर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रदीप जैन और सचिव भागदमन सिंह एवं 14 में से 13 सदस्यों की सभा आयोजित की गई। मीटिंग में छात्र एवं बैचलरों को मकान किराए पर देने पर पूर्णतय रोक लगा दी गई। पहले से किराए पर रहने वाले छात्र और बैचलर से 15 दिन में मकान खाली कराए जाएंगे।
मकान खाली नहीं करने पर उनका पानी और बिजली की आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। इस आदेश का पालन करने के लिए पुलिस का भी सहयोग लिया जाएगा। दरअसल, छात्रों के दो गुटों में मारपीट के दौरान कालोनी में नाइट पार्टी आयोजित की जा रही थी। इसी पार्टी में शराब की बोलतें एक दूसरे पर फेंक कर घटना को अंजाम दिया गया। उससे पहले गतवर्ष भी कालोनी में फायरिंग की घटना हुई थी। कालोनी से पहले एक बदमाश भी पकड़ा जा चुका है, जो पुलिस से छिपकर मकान किराए पर लेकर रह रहा था।
एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि कालोनी में पुलिस बल लगा हुआ है।
