विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मिलों के पास चीनी का भरपूर स्टाक... फिर भी दाम में उछाल, लोगों को खटक रहा यह खेल

By Anand Prakash Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 15 Oct 2026 05:30 AM (GMT+05:30)

मेरठ में चीनी मिलों के पास भरपूर स्टॉक होने के बावजूद, दस दिनों में चीनी के दाम ₹50 से ₹70 ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)

(प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. दस दिनों में चीनी के दाम ₹15-20 प्रति किलोग्राम बढ़े।

  2. मेरठ की मिलों में 59 हजार मीट्रिक टन चीनी स्टॉक।

  3. त्योहारी सीजन में दाम वृद्धि पर लोग उठा रहे सवाल।

जागरण संवाददाता, मेरठ। दस दिनों के अंदर चीनी के दाम में एकाएक उछाल आ गया। व्यापारियों का तर्क है कि मिलों से पर्याप्त मात्रा में चीनी नहीं मिल रही, बिक्री में तेजी है, इस कारण दाम बढ़े हैं। खास बात ये है कि जिले की मिलों के पास चीनी का भरपूर स्टाक है। इसके बावजूद त्योहारी सीजन में चीनी के दाम में उछाल लोगों को खटक रहा है।

जिले में कुल छह चीनी मिले हैं, इनके पास 59,443.63 मीट्रिक टन चीनी का स्टाक है। मवाना में 6208 मीट्रिक टन, दौराला चीनी मिल में 16,538, किनौनी चीनी मिल में 10,460, नंगलामल चीनी मिल में 11,114, सकौती चीनी मिल में 3590 और मोहिउद्दीनपुर चीनी मिल में 11,531 मीट्रिक टन चीनी उपलब्ध है।

पिछले पेराई सत्र 2025-26 में चीनी मिलों ने 69.20 लाख कुंतल चीनी का उत्पादन किया था। इसके बावजूद चीनी का फुटकर दाम 65 से 70 रुपये प्रति किलोग्राम पहुंच गया है, जो दस दिन पहले तक 50 रुपये प्रति किलोग्राम तक था। नवीन मंडी में चीनी के थोक विक्रेता राकेश कुमार और काशीराम शिवकुमार फर्म के संचालक पप्पू का कहना है कि बाजार में चीनी बहुत कम है, मिलों से पर्याप्त मात्रा में चीनी नहीं मिल रही है।

पीएल शर्मा रोड स्थित ज्ञान किराना स्टोर के नितिन ने बताया कि मोटे दाने वाली चीनी 68 और अपेक्षाकृत कम मोटे दाने वाली चीनी के रेट 70 रुपये प्रति किलोग्राम हैं। सदर दाल मंडी के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने बताया कि थोक रेट 6400 से 6500 रुपये प्रति कुंतल है।

गढ रोड सीताराम किराना स्टोर के मोहित कंसल ने बताया कि वह अभी 65 रुपये प्रति किलोग्राम चीनी बेच रहे हैं। यह डबल रिफाइंड चीनी के रेट हैं, लेकिन नवीन मंडी में इस भाव में थोक रेट में चीनी उपलब्ध नहीं है। उधर, ब्रह्मपुरी निवासी मोना जैन ने बताया कि इस समय त्योहार का सीजन है।

घरों में मिठाई और पकवान बनते हैं। ऐसे समय में अचानक चीनी के दाम 15 से 20 रुपये प्रति किलोग्राम की वृद्धि हो गई।अधिकारियों को इसकी निगरानी करानी चाहिए कि आखिर मिलों में पर्याप्त स्टाक होने के बावजूद दाम में वृद्धि कैसे हो गई। अचानक दाम बढ़ने के पीछे कोई खेल चल रहा है, तो उसका पता लगाना चाहिए।