बढ़ते दामों के बीच सराफा बाजार ने बदला खरीदारी का तरीका, सिक्कों और माइक्रो ज्वेलरी से गुलजार मेरठ बाजार
सोने-चांदी के बढ़ते दामों के बीच मेरठ के सराफा बाजार ने खरीदारी का तरीका बदल दिया है। अब एक ग्राम ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
ओम बाजपेयी, मेरठ । आसमान छूते सोने-चांदी के दामों के बीच सराफा बाजार ने खरीदारी का गणित ही बदल दिया है। महंगाई के दौर में चांदी का 10 ग्राम का सिक्का खरीदना भी भारी है। ऐसे में बाजार में महज एक ग्राम वजन के चांदी के सिक्के भी आ गए हैं।
मेरठ के कारीगरों द्वारा निर्मित ये सिक्के देखने में भी खूबसूरत हैं। करवा चौथ पर भारी पायल की जगह हल्की पायल और बिछुए ग्राहकों को लुभा रहे हैं। यानी, महंगाई के दौर में कारोबार का नया मंत्र है-वजन घटाओ, कीमत किफायती बनाओ और ग्राहकों की पहुंच बढ़ाओ।
मात्रा से ज्यादा संख्या का महत्व
जब किसी उत्पाद के निर्माण में कच्चे माल की कीमत में अत्यधिक वृद्धि या कमी होती है तो माइक्रो अर्थशास्त्र की अवधारणा का सहारा लिया जाता है। इसमें मात्रा से ज्यादा संख्या का महत्व होता है। अधिक लोगों के बीच उनके बजट के अनुसार वस्तु पहुंचाना है। इसे ऐसे समझा जा सकता है। जो लोग शैंपू की बड़ी बोतल नहीं खरीद पाते तो उनके लिए पाउच खरीदना सुगम है।
मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि कोई आम व्यक्ति विवाह या अन्य अवसरों पर 501 और 1100 रुपये का शगुन देता है। लगभग इतने बजट में वह एक और पांच ग्राम का चांदी का सिक्का दे सकता है। इस उपहार की वैल्यू भी हमेशा बढ़ेगी। इनका मेकिंग चार्ज भी कम होता है और चांदी की पूरी कीमत मिलती है।
शनिवार को चांदी का भाव 2.14 लाख रुपये प्रति किलोग्राम और सोने का 1.48 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम था। एक ग्राम चांदी के प्लेन सिक्के का रेट 370 रुपये था, जिसमें 40 रुपये मेकिंग चार्ज है। शहर में 200 से अधिक थोक चांदी कारोबारी हैं। त्योहार पर मेरठ में करीब 400 करोड़ रुपये के चांदी के कारोबार की उम्मीद है।
श्वेता ज्वेलर्स के राजेश सिंघल ने बताया कि आगरा में निर्मित सात से 10 ग्राम की हल्की पायल डिमांड में हैं। इन्हें माइक्रो पायल नाम दिया गया है। यह 1500 से तीन हजार रुपये की रेंज में हैं। बिछुए भी चार से 10 ग्राम वजन के हैं। राजकोट की प्रसिद्ध कारीगरी इसमें झलकती है। निवेश की दृष्टि से बाजार में एक किलो का चांदी का बिस्कुट भी उपलब्ध है।
आरएमपी ज्वेलर्स के प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि यात्रा अथवा आफिस के लिए चांदी की बोतल और चांदी का ड़ाई फ्रूट बाक्स भी उपलब्ध है।
यह भी पढ़ें- Silver Investment: चांदी के सिक्के, बिस्किट ज्वैलरी या बर्तन... निवेश के लिए कौन सा तरीका सबसे सही? समझें गणित
