मुख्यमंत्री जी! मैं माफी मांगता हूं, अब कभी अपराध नहीं करूंगा... व्यापारी का हमलावर बोला-पैर में गोली मत मारना
मेरठ में स्क्रैप व्यापारी हारुन पर फायरिंग के मुख्य आरोपी रवीश ने एसएसपी कार्यालय में आत्मसमर्पण कर दिया। उसने मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

एसएसपी आफिस से आत्मसमर्पण के बाद आरिस को ले जाती पुलिस। जागरण
HighLights
स्क्रेप व्यापारी हारुन पर फायरिंग का मुख्य आरोपी रवीश गिरफ्तार।
रवीश ने मुख्यमंत्री से माफी मांगी, अपराध न करने का किया वादा।
पुलिस ने रवीश से .32 बोर की पिस्टल और कारतूस बरामद किए।
जागरण संवाददाता, मेरठ। लोहियानगर के न्यू इस्लामनगर में स्क्रेप व्यापारी हारुन पर फायरिंग का मुख्य आरोपित रवीश शनिवार दोपहर एसएसपी आफिस पहुंच गया। उसने कहा, वह आत्मसमर्पण कर रहा है। मुझसे गलती हो गई है, पैर में गोली मत मारना। उसने ही स्क्रेप कारोबारी को गोली मारी है। बाकी स्वजन का कोई कसूर नहीं है। उसकी हाथ में एक पोस्टर लिए एक वीडियो भी थाना लोहियानगर पुलिस ने शाम को प्रसारित की, जिसमें वह कह रहा है, मुख्यमंत्री जी, मैं माफी मांगता हूं, अब कभी अपराध नहीं करूंगा, मुझे माफ कर दो।
लोहियानगर पुलिस रवीश से पूछताछ कर फरार बाकी आरोपितों की तलाश कर रही है। पुलिस ने रवीश की मां व बहन को भी हिरासत में ले रखा है। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति का कहना है कि पुलिस की दबिश व दबाव के कारण ही रवीश ने आत्मसमर्पण किया है। उससे घटना में प्रयुक्त .32 बोर की पिस्टल व छह जिंदा कारतूस भी बरामद की गई है।
लोहियानगर के न्यू इस्लामनगर में शुक्रवार दोपहर जुमे की नमाज पढ़ कर लौट रहे स्क्रेप कारोबारी हारुन पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई थी। आरोपितों ने दस राउंड फायर किए थे। इसमें हारुन को तीन गोली लगी थी। स्वजन ने उसे संतोष अस्तपाल में भर्ती कराया था। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। हारुन के भाई सोनू मलिक ने थाना लोहियानगर पर इरशाद, रवीश, फिरोज, शबाना और बशीर के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
हारुन व पशु आहार कारोबारी इरशाद मलिक में कमेटी के 24 लाख रुपये को लेकर विवाद चल रहा था। इरशाद का घर फतेउल्लापुर पुलिस चौकी से चंद कदमों की दूरी पर है। इरशाद व अन्य आरोपितों को पुलिस तलाश रही है। पुलिस ने इरशाद की पत्नी व बेटी को हिरासत में ले रखा है। शनिवार दोपहर रवीश अपने अधिवक्ता संग एसएसपी आफिस पहुंचा। द्वितीय अवकाश के कारण एसएसपी आफिस पर कोई नहीं था।
रवीश ने यहां पहुंचकर कहा कि लोहियानगर में उसने स्क्रैप व्यापारी पर गोली चलाई थी। उसके पिता, स्वजन निर्दोष है। स्क्रैप व्यापारी 10-12 साथियों संग पिस्टल लेकर आया था। पिस्टल छीना झपटी में गोली उसे लगी। स्क्रैप व्यापारी ने गोली चलाई थी। वह आत्मसमर्पण करने आया है। एसएसपी के पेशकार को मामले की जानकारी दी गई। सिविल लाइंस व लोहियानगर थाना पुलिस एसएसपी आफिस पहुंची। लोहियानगर थाना पुलिस रवीश को हिरासत में लेकर थाने ले गई। रवीश ने बताया कि पिस्टल उसके पास काफी समय से थी। अब पुलिस उससे पिस्टल व भारी मात्रा में कारतूस की जानकारी कर रही है। बाकी आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
