विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोकझोंक-तनावबाजी छोड़ें-खुशनुमा पलों ने नाता जोड़ें... ऐसा ही कुछ सहेजने के लिए 'आभार-दीवार' पर आमंत्रित हैं छात्र

By Amit Tiwari Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 11 Oct 2026 12:57 PM (GMT+05:30)

पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय पंजाब लाइंस, मेरठ में मानसिक स्वास्थ्य माह के तहत 'आभार दीवार' गतिविधि आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य ...और पढ़ें

मानसिक स्वास्थ्य के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय पंजाब लाइंस में विद्यार्थियों को दिखाई जा रही है शार्ट फिल्में। सौ. स्कूल

मानसिक स्वास्थ्य के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय पंजाब लाइंस में विद्यार्थियों को दिखाई जा रही है शार्ट फिल्में। सौ. स्कूल

HighLights

  1. आभार दीवार' गतिविधि से कृतज्ञता व्यक्त करेंगे विद्यार्थी।

  2. सकारात्मक सोच, भावनात्मक संतुलन विकसित करने पर जोर।

  3. योग और डिजिटल डिटॉक्स से स्वस्थ दिनचर्या का संदेश।

जागरण संवाददाता, मेरठ। किसी की छोटी-सी मदद, माता-पिता का स्नेह, शिक्षक का प्रोत्साहन या दोस्त का साथ। जिंदगी में खुश रहने की ऐसी कई वजहें होती हैं, लेकिन अक्सर हम उन्हें महसूस करना भूल जाते हैं। विद्यार्थियों को इन्हीं छोटी-छोटी खुशियों का महत्व समझाने के लिए पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय पंजाब लाइंस में मानसिक स्वास्थ्य माह के अंतर्गत ‘आभार दीवार’ (ग्रेटिट्यूड वाल) गतिविधि आयोजित की जाएगी। इसमें विद्यार्थी उन लोगों, अनुभवों और बातों के प्रति अपना आभार लिखकर व्यक्त करेंगे, जिन्होंने उनके जीवन को बेहतर बनाया है।


शनिवार को स्कूल की ओर से विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए जारी सूचना में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सकारात्मक सोच, भावनात्मक संतुलन और आत्मविश्वास विकसित करने पर जोर दिया गया है। आभार दीवार इस पहल का प्रमुख आकर्षण होगी। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी जिंदगी में मिलने वाले सहयोग और खुशियों को पहचानने और उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

छोटी-छोटी खुशियों को पहचानना सीखेंगे विद्यार्थी
आभार दीवार पर विद्यार्थी अपने विचारों और अनुभवों को शब्दों में व्यक्त कर सकेंगे। कोई अपने माता-पिता के प्यार के लिए धन्यवाद लिखेगा, तो कोई शिक्षक के मार्गदर्शन या मित्र की मदद को अपनी खुशी की वजह बताएगा। इस गतिविधि के जरिए विद्यार्थियों को दूसरों के योगदान को समझने और अपने आसपास की सकारात्मक बातों पर ध्यान देने का अवसर मिलेगा।

दयालुता से लेकर रचनात्मक अभिव्यक्ति तक होंगी गतिविधियां
प्राचार्य राजकुमार शर्मा के अनुसार मानसिक स्वास्थ्य माह के अंतर्गत आभार दीवार के अलावा विद्यार्थियों को दूसरों की सहायता करने, सभी के साथ सद्भावपूर्ण व्यवहार रखने और सकारात्मक संदेश लिखने के लिए प्रेरित किया जाएगा। विद्यार्थी मानसिक स्वास्थ्य विषय पर कविता, कहानी, निबंध, पोस्टर और स्लोगन भी तैयार करेंगे। मित्रों, शिक्षकों और परिवार के सदस्यों के लिए प्रशंसा कार्ड बनाकर उन्हें प्रोत्साहित करने की गतिविधि भी शामिल है।

स्वस्थ दिनचर्या और डिजिटल डिटाक्स पर भी जोर
विद्यार्थियों को नियमित योग, गहरी सांस लेने के अभ्यास, पर्याप्त पानी पीने, व्यायाम करने और समय पर सोने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। साथ ही मोबाइल और अन्य डिजिटल उपकरणों से कुछ समय दूरी बनाकर रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने और परिवार के सदस्यों के साथ समय बिताने का संदेश दिया गया है।

विद्यार्थी कक्षा शिक्षकों के मार्गदर्शन में गतिविधियों में भाग लेंगे और आवश्यकतानुसार अपने चित्र, पोस्टर व अन्य कार्य शिक्षकों के साथ साझा करेंगे। इस पहल का उद्देश्य ऐसा वातावरण तैयार करना है, जिसमें हर विद्यार्थी स्वयं को सुरक्षित, प्रसन्न, आत्मविश्वासी और सम्मानित महसूस करे।