विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ और आसपास के जि‍लों में बरसात, IMD ने सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर के लिए जारी कि‍या ऑरेंज अलर्ट

By Om Bajpai Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 15 Oct 2026 12:40 PM (IST)

गुरुवार को मेरठ और आसपास के जिलों में बेमौसम बरसात से जनजीवन प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने शामली, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बरसात के दौरान गुजरते वाहन।

बागपत में दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर बरसात के दौरान गुजरते वाहन।

HighLights

  1. मौसम बदला, दिन में छाया शाम जैसा अंधेरा।

  2. धान और गन्ने की फसलों को नुकसान की आशंका।

जागरण संवाददाता, मेरठ। अक्टूबर में एक बार फिर से बरसात आरंभ हो गई है। इसके पहले भी अच्छी बरसात देखने को मिली थी। ओलवृष्टि भी हुई थी। अक्टूबर में बे मौसम बरसात धान की फसल प्रभावित कर सकती है। गुरुवार को बरसात को लेकर मौसम विभाग ने शामली, सहारनपुर और मुजफ्फरनगर के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।

मानसून के सीजन में रिकार्ड बरसात के बाद अक्टूबर में भी बरसात का सिलसिला जारी है। मानसून सीजन में मेरठ शहर में 1265 मिलीमीटर बरसात हुई थी। जो अब तक की सर्वाधिक बरसात है। अक्टूबर में एक बाद एक पश्चिम विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। जिससे धान की खड़ी फसल को नुकसान हो सकता है। गुरुवार को सुबह से आसमान में अंधेरा छा गया। घने बादल छा गए और बरसात शुरू हो गई।

सहारनपुर में मौसम ने बदली करवट

सहारनपुर: जिले में मौसम ने अचानक करवट बदल ली है। तेज हवाओं, रिमझिम बारिश और काले बादलों के चलते मौसम का मिजाज बदल गया है। बादलों की गड़गड़ाहट के बीच दिन में ही रात जैसा माहौल बन गया। सहारनपुर के आसपास के कस्बों में भी अंधेरा छाने से लोगों को मौसम में बदलाव का अहसास हुआ। मौसम सुहाना होने के साथ ही ठंड बढ़ने के आसार हैं। तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। बदलते मौसम में मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है। उधर, सहारनपुर मंडल के जि‍लों मुजफ्फरनगर व शामली में भी वर्षा हो रही है।

ब‍िजनौर में तेज गरज के साथ पानी बरसा रहे घने बादल, दिन में छाया अंधेरा

बिजनौर: गुरुवार को सुबह से मौसम एकदम साफ था। लग नहीं रहा था कि बरसात होगी जबकि गूगल पर दस बजे से बरसात दिखा रखी थी। फिर धीरे धीरे सुबह आठ बजे बादल छाने शुरू हुए और मौसम बहुत ठंडा हो गया। लगभग साढ़े नौ बजे बहुत घने काले बादल छा गए और दिन में अंधेरा छा गया।

लगभग पौने दस बजे तेज बरसात शुरू हो गई। बरसात के साथ ही हवा के बहुत तेज झोंके चलते रहे। इस समय बरसात की कोई जरूरत नहीं थी। खेतों में अभी धान की पूरी फसल कटी भी नहीं है। तीन दिन पहले हुई बरसात में भी गन्ने और धान की फसल गिर गई थी।

कृषि विभाग के सर्वे में भी फसलों में दस से 12 प्रतिशत नुकसान होने की बात सामने आई थी। खेतों में पानी भरने और चीनी की रिकवरी कम आने की वजह से मिल पहले ही अपनी पेराई नवम्बर तक टाल चुके हैं। वहीं बरसात और हवा के तेज झोंके शुरू होने से पहले ही विद्युत आपूर्ति केंद्रों से आपूर्ति बाधित कर दी गई थी। बरसात और हवा से मौसम और ठंडा होगा। मौसम वेधशाला नगीना के प्रेक्षक सतीश कुमार ने बताया क‍ि गुरुवार को तेज बरसात हो रही है और हवा के तेज झोंके भी चल रहे हैं। बरसात से मौसम और ठंडा होगा। अब गर्मी और उमस की वापसी नहीं होगी।

बागपत में मौसम बदला, दिन में छाया शाम जैसा अंधेरा

बागपत: बड़ौत क्षेत्र में मौसम ने अचानक करवट बदल ली। तेज हवा, गरज-चमक के साथ बरसात शुरू होने से दिन निकलते ही आसमान में अंधेरा छा गया। सड़कों पर ऐसा नजारा दिखाई दिया, मानो देर शाम हो गई हो। दृश्यता कम होने के कारण वाहन चालकों को दिन में भी लाइट जलाकर चलना पड़ा। अचानक बदले मौसम ने जहां आम जनजीवन को प्रभावित किया, वहीं गन्ने की पेराई में जुटे कोल्हुओं का कामकाज भी ठप हो गया।

गुरुवार सुबह मौसम का मिजाज बिगड़ते ही आसमान में काले बादल छा गए। तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और वर्षा शुरू हो गई। कुछ ही देर में दिन के उजाले पर बादलों का असर दिखाई देने लगा। सड़कों पर अंधेरा छाने के कारण वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ा। बरसात और हवा से मौसम और ठंडा होगा।

क्षेत्र में कई स्थानों पर गन्ने की पेराई के लिए कोल्हू संचालित हो रहे हैं। वर्षा के कारण कोल्हुओं पर गन्ने की आपूर्ति, पेराई और तैयार गुड़ को सुखाने व सुरक्षित रखने में परेशानी होगी। गीले मौसम में गुड़ की गुणवत्ता और उत्पादन पर भी असर पड़ सकता है। बरसात के दौरान कोल्हुओं में कामकाज प्रभावित रहा। उधर, मौसम में आए बदलाव से किसानों की चिंता भी बढ़ गई है। खेतों में खड़ी गन्ने की फसल पककर तैयार हो चुकी है। वर्षा तथा तेज हवा से गन्ने की फसल गिर सकती है।

बदली छाने से धूप-छांव की स्थिति

बुलंदशहर : मौसमी उतार चढ़ाव के बीच गुरुवार को दिन निकलते ही आसमान में बदली छा रही है। सूर्यदेव के दर्शन देने से धूप छांव की स्थिति बन रही है। इससे गर्मी भी परेशान कर रही है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस पहुंच रहा है। मौसम विभाग की ओर से बूंदाबांदी की संभावना भी जताई जा रही है। वहीं, एक्यूआइ मध्यम श्रेणी में बना हुआ है। फिलहाल 126 रिकार्ड किया जा रहा है।