वाल पुट्टी के बोरों में छिपा रखीं थी स्कॉच और व्हिस्की की पेटियां, पंजाब से तस्करी कर बिहार ले जाई जा रही थी शराब
पुलिस ने मेरठ में पंजाब से बिहार ले जाई जा रही एक करोड़ रुपये की अंग्रेजी शराब से भरा ट्रक ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
पंजाब से बिहार जा रही एक करोड़ की शराब पकड़ी गई।
वाल पुट्टी के बोरों में छिपाकर ले जाई जा रही थी शराब।
मेरठ पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, मेरठ। पंजाब से तस्करी कर पटना (बिहार) ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब से भरे ट्रक को पुलिस ने पकड़ लिया। शराब को सफेद वाल पुट्टी और अन्य बोरे में छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया।
इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार के अनुसार, ट्रक में स्काच और व्हिस्की की पेटियां मिली हैं। पकड़ी गई शराब की अनुमानित कीमत एक करोड़ के करीब है। पूछताछ में चालक ने बताया कि शराब की यह खेप उसे बिहार के पटना और आसपास के जनपदों में पहुंचानी थी। शुक्रवार रात वह पंजाब से शराब लेकर बिहार के लिए रवाना हुआ था। शनिवार सुबह पुलिस ने ट्रक को कंकरखेड़ा स्थित हाईवे पर पकड़ लिया। चालक के अनुसार कंकरखेड़ा में भी शराब की कुछ पेटी उतारी जानी थी।
चालक को एक ट्रिप के मिलते थे 65 हजार
पकड़े गए चालक ने बताया कि पंजाब से शराब को बिहार तक पहुंचाने के लिए उसे 65 हजार रुपये मिलते थे। इसके बाद ट्रक को पटना से आगे अन्य जिलों में दूसरा चालक लेकर जाता था। बिहार से भी ट्रक में पंजाब के लिए सामान ले जाया जाता है। यह सामान वहीं की स्थानीय ट्रांसपोर्ट कंपनी से लोड किया जाता है। एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि शराब तस्करी के सरगना की तलाश में पुलिस की टीमें लगाई हैं। शराब तस्करी करने वाले गिरोह के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
