मेरठ में पांच अक्टूबर से पुलिस भर्ती के लिए दौड़ेगे 4.5 हजार अभ्यर्थी, शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए की विशेष व्यवस्था
मेरठ में 5 अक्टूबर से पुलिस भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा शुरू होगी, जिसमें 4.5 हजार अभ्यर्थी भाग लेंगे। पिछली ...और पढ़ें

पीएसी छठी वाहिनी में पुलिस भर्ती की तैयारी करते पुलिस अधिकारी। जागरण
HighLights
पांच अक्टूबर से मेरठ में पुलिस भर्ती परीक्षा होगी शुरू।
4.5 हजार अभ्यर्थी शारीरिक दक्षता परीक्षा में होंगे शामिल।
मिनी अस्पताल, डॉक्टर टीम, एंबुलेंस की विशेष व्यवस्था।
जागरण संवाददाता, मेरठ। होमगार्ड भर्ती में तीन अभ्यर्थियों की मौत के बाद पुलिस ने पीएसी छठीं वाहिनी में सिपाही भर्ती की शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की है। भर्ती स्थल पर एक मिनी अस्पताल स्थापित किया गया है, जिसमें पांच डाक्टरों की टीम तैनात रहेगी। इसके अलावा, दो एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेंगी। एडीजी, डीआइजी और एसएसपी ने मौके पर जाकर भर्ती स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। भर्ती प्रक्रिया पांच अक्टूबर सुबह पांच बजे से शुरू की जाएगी, ताकि गर्मी के कारण अभ्यर्थियों की तबीयत न बिगड़े।
आरक्षी नागरिक पुलिस व समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षा पांच अक्टूबर से रुड़की रोड स्थित छठीं वाहिनी पीएसी में शुरू होने जा रही है। एक सप्ताह तक चलने वाली भर्ती में जोन के साढ़े चार हजार अभ्यर्थी भाग लेंगे। एडीजी भानु भास्कर, डीआइजी कलानिधि नैथानी और एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने भर्ती स्थल पर पहुंचकर व्यवस्था की जानकारी ली। भर्ती के नोडल अफसर एसपी क्राइम अवनीश कुमार को बनाया गया। भर्ती प्रक्रिया सुबह पांच बजे से शुरू हो जाएगी। ताकि गर्मी से पहले ही अभ्यर्थियों की दौड़ पूरी की जा सकें।
एडीजी भानु भास्कर ने बताया कि इसबार भर्ती स्थल पर मिनी अस्पताल खोला गया है। साथ ही डाक्टरों की एक टीम अस्पताल में रखी गई। इमरजेंसी के लिए एंबुलेंस की व्यवस्था भी की गई है। अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ने पर तत्काल ही मेडिकल कालेज में भर्ती कराया जाएगा। अभ्यर्थियों के साथ आने वाले अभिभावकों के बैठने की व्यवस्था भी की गई। साथ ही वाहनों की पार्किंग के लिए भी अगल से स्थान तय कर दिया गया। भर्ती में आने वाले अभ्यर्थियों से अधिक वसूली न की जाए। उसके लिए रेस्टोरेंट स्वामियों और होटल स्वामियों को आदेश कर दिया है।
एक नजर में...
4500 अभ्यर्थी सिपाही भर्ती में शामिल होंगे।
5 अक्टूबर को सुबह पांच बजे से भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी।
800 अभ्यर्थी पहले दिन दौड़ लगाएंगे।
5 डाक्टरों की टीम मिनी अस्पताल में मौजूद रहेगी
2 एंबुलेंस भी भर्ती स्थल पर खड़ी कर दी जाएगी।
