VIDEO: मेरठ में जटौली कट पर चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़, दो बदमाशों को लगी पुलिस की गोली
Meerut News: मेरठ में कंकरखेड़ा पुलिस और स्वाट टीम की मुठभेड़ में गोकशी के दो वांछित आरोपित जावेद और शाह ...और पढ़ें
HighLights
पुलिस मुठभेड़ में गोकशी के दो वांछित आरोपी घायल, गिरफ्तार।
पुलिस ने कार, दो तमंचे, कारतूस और गोकशी के औजार किए बरामद।
तीसरा साथी शोएब उर्फ छोटू अंधेरे का फायदा उठाकर फरार।
जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। कंकरखेड़ा थाना पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में मंगलवार देर रात जटौली कट के पास पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोकशी के मुकदमे में वांछित दो आरोपित घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपितों के कब्जे से घटना में कार, 315 बोर के दो देशी तमंचे, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और गोकशी के औजार बरामद किए गए। वहीं, तीसरा बदमाश अंधेरे में फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम कांबिंग और उसके ठिकानों पर दबिश दे रही है।
13 सितंबर की रात कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र की सरधना रोड स्थित जंगेडी गांव के जंगल में तीन गोवंशों का कटान किया गया था। अगले दिन दोपहर को इसकी जानकारी ग्राम प्रधान ने थाना पुलिस को दी थी। इसके बाद पुलिस टीम ने पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाकर सैंपल भरवाकर बाकी अवशेषों को गड्ढा खुदवा कर दबा दिया था। इस प्रकरण की जानकारी बजरंग दल को लगी तो संगठन के कार्यकर्ताओं ने कंकरखेड़ा थाने के अंदर से बाहर तक खूब हंगामा कर नारेबाजी की।
तब पुलिस ने अपनी ओर से कटान करने वाले अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। तभी से पुलिस टीम उनकी तलाश कर रही थी। मंगलवार देर रात थाना पुलिस और स्वाट टीम जटोली के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी पुलिस को एक कार दिखाई दी। पुलिस ने एक कार को रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर कार सवार भागने लगे। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो जटौली कट के पास आरोपितों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लग गई, जिसमें वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गए। घायल बदमाशों की पहचान जावेद पुत्र जमील निवासी पावली खास और शाह आलम पुत्र सलीम निवासी ऊंचा सादिक नगर लिसाली गेट के रूप में हुई। दोनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचा दिया। उनका तीसरा साथी शोएब उर्फ कादिर उर्फ छोटू अंधेरे बचकर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश में कांबिग की मगर नहीं पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपितो ने गोकशी की घटना को स्वीकार किया। कंकरखेड़ा इंस्पेक्टर जितेंद्र सिंह का कहना है कि मुठभेड़ में गोकशी के दो बदमाश गोली लगने से घायल हुए हैं। उन्होंने पुलिस टीम पर फायर किया था, जिसकी जवाबी कार्रवाई में वह घायल हुए। उनका तीसरा साथी रात में फरार हो गया। जिसकी तलाश में पुलिस टीम लगी है। जल्द ही उसको भी गिरफ्तार किया जाएगा।
