विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 18, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मेरठ में पुलिस ने पकड़ा कैसीनो, 43 गिरफ्तार, जुआ खिलवाने के लिए गोवा से बुलाई गईं थीं लड़कियां

By Parveen VashishtaEdited By:
Published: Mon, 18 Jul 2022 12:14 AM (IST)

मेरठ के परतापुर क्षेत्र में स्थित ओक ट्री रिसोर्ट में पुलिस ने कैसीनो पकड़ा। इस दौरन गाजियाबाद दिल्ली देहरादून शामली ...और पढ़ें

मेरठ में कैसीनो पर हुई छापेमारी की जानकारी देते पुलिस अधिकारी
मेरठ में कैसीनो पर हुई छापेमारी की जानकारी देते पुलिस अधिकारी

 मेरठ, जागरण संवाददाता। शनिवार देर रात एसओजी ने एक रिसोर्ट में छापामारी की। इस दौरान वहां चल रहे कैसीनो को पकड़ा। टीम ने मौके से छह नेपाल व तीन दिल्ली की लड़की और 34 युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवक दिल्ली, देहरादून, शामली, बागपत, गाजियाबाद और गुजरात के रहने वाले हैं। ये लोग जुआ खेलने के लिए यहां आए थे। टीम ने नगदी, मोबाइल और लग्जरी गाड़ी भी बरामद की हैं। लड़कियों को जुआ खिलवाने के लिए गोवा से बुलाया गया था।

रेकी के बाद हुई छापामार कार्रवाई 

पुलिस लाइंस में रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में एसपी क्राइम अनित कुमार ने बताया कि शनिवार रात एसओजी को वेदव्यासपुरी स्थित ओक ट्री रिसोर्ट में कैसीनो चलने की सूचना मिली थी। टीम भेजकर पहले रेकी कराई गई। इसके बाद छापामार कार्रवाई की गई। रिसोर्ट में तीन टेबल पर जुआ चल रहा था। पुलिस को देखकर अफरा-तफरी मच गई। मौके से टीम को 7.58 लाख रुपये, 51 मोबाइल, 12 गाड़ियां (फोक्स वैगन/स्कार्पियो/आडी/क्रेटा/हैरियर आदि), 14 ताश की गड्डी, हिसाब किताब की 19 बुकलेट, सात हजार चिप्स (क्वाइंस, जिनको रुपये के तौर पर इस्तेमाल किया जाता था) मिले। एसपी क्राइम ने बताया कि युवतियों को गोवा से बुलाया गया था। ये गोवा के कैसीनो में काम करती हैं। मुकदमा दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया गया है।

एप से जुड़े थे, वाट्सएप पर करते थे बात

जांच के दौरान पता चला कि आरोपितों की जान-पहचान इंटरनेट मीडिया के जरिये हुई थी। इसके बाद उन्होंने बातचीत की और फिर क्लोज नेट के जरिये जुड़ गए। यह एप प्ले स्टोर पर नहीं है। डाउनलोड करने के बाद ही मोबाइल पर चलता है। ग्रुप के सभी सदस्यों ने एप डाउनलोड कर रखा था। उस पर पार्टी की पूरी डिटेल भेजी जाती थी। इसके बाद सभी को ग्रुप में जोड़ा गया। बातचीत वाट्सएप काल के जरिए की जाती थी। पांच लोग काफी समय से ऐसी पार्टी करा रहे थे।

छह घंटे चली पूरी कार्रवाई

एएसपी विवेक यादव ने बताया कि शनिवार रात करीब 11 बजे पार्टी की सूचना मिली थी। टीम पहले अन्य होटल पर चली गई थी। वहां से पता चला कि ओक ट्री में आयोजन है। वहां छापा मारा गया। पुलिस की पूरी कार्रवाई छह घंटे तक चली। इसके बाद सभी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। शाम को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से आरोपितों को जेल भेज दिया।

कई आरोपित बड़े कारोबारी, नेताओं से भी संबंध

पार्टी के दौरान पकड़े गए लोग बड़े कारोबारी हैं। इनमें से एक हीरा कारोबारी भी बताया जा रहा है। इसके अलावा रियल एस्टेट से जुड़े लोग भी हैं। कई लोग तो एक दल से जुडे भी बताए जा रहे हैं। उनके पकड़े जाने के बाद पुलिस के पास काफी लोगों के फोन भी आए थे। एक युवक के पिता सेना में अफसर भी बताए गए हैं। कुछ लोग तो निजी कंपनियों में बड़े ओहदे पर हैं। पुलिस आरोपितों से और जानकारी जुटा रही है।