चप्पल ने खत्म कर दिया 'खेल'! पाश कॉलोनी में चोरी करने वाले चोर तक पहुंच गई मेरठ पुलिस
Meerut News: मेरठ में एक न्यायिक अधिकारी के आवास पर हुई चोरी का खुलासा पुलिस ने चप्पल और सीसीटीवी फुटेज ...और पढ़ें

AI जेनरेटिड फोटो
HighLights
दो दिन पहले कालोनी में घूमकर बंद मकान की रेकी कर वापस लौट गया था आरोपित।
पहले आवास के पीछे की ग्रिल को आरी से काटा, फिर मुख्य गेट का ताला ईंट से तोड़ डाला।
जागरण संवाददाता, मेरठ। न्यायिक अधिकारी के आवास पर चोरी की घटना शुक्रवार को साढ़े 11 बजे हुई। बदमाश ने पीछे की दीवार से कूदकर कालोनी में प्रवेश किया। उसने पहले आवास के पीछे की ग्रिल को आरी से काटा और फिर मुख्य गेट का ताला ईंट से तोड़ दिया। घर के अंदर वह लगभग एक घंटे तक मौजूद रहा। जाते समय बदमाश ने घर के अंदर अपनी चप्पल छोड़ दी।
इसके बाद उसने पाॅलीथिन में सरकारी टैबलेट रखकर काॅलोनी के मुख्य गेट से बाहर निकल गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश का पीछा करते हुए लालकुर्ती में उसके घर तक पहुंच गई।
पकड़ा गया बदमाश लालकुर्ती का रहने वाला अमित कुमार है। अमित अकेला ही पाश कालोनियों में घूमकर रेकी करता है। रेकी के दो दिन बाद फिर से जाकर देखता है कि आवास खुला है या बंद। यदि आवास बंद मिलता है। फिर चोरी की घटना को अंजाम देता है। डिफेंस कालोनी में न्यायिक अधिकारी के घर की रेकी भी दो दिन पहले अमित घूमते हुए करके गया था।
शुक्रवार को साढ़े 11 बजे पीछे की दीवार से कूद कर काॅलोनी में घुसा और मकान के अंदर से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घर के अंदर ही आरोपित सात नंबर की चप्पल छोड़कर भाग गया। पुलिस ने डिफेंस कालोनी गेट के सामने सड़क से उक्त चप्पल पहनकर आते युवक की तलाश की। दरअसल, जाते समय अमित घर के अंदर से दूसरे जूते पहनकर गया था।
हाथ में पाॅलीथिन के अंदर टैबलेट लेकर गया था। ऐसे में उसकी पहचान करना मुश्किल था। चप्पल से पुलिस ने अमित की पहचान की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसके लालकुर्ती स्थित घर तक पहुंची। अमित की गिरफ्तार कर टैबलेट बरामद किया।
होमगार्ड ड्यूटी से गायब और निजी कर्मचारी भी नहीं था मौजूद
न्यायिक अधिकारी 16 सितंबर को लखनऊ गए थे, जहां उनके रिश्तेदार की मृत्यु हो गई। इसी कारण वह चोरी की सूचना पर नहीं आ सके। उन्होंने बताया कि वह सोमवार को लौटेंगे। फोन पर पुलिस से बातचीत के बाद, 16 सितंबर से आवास के मुख्य गेट पर ताला लगा रहा। अमित ने यह भी जांच की थी कि दोपहर में होमगार्ड और निजी कर्मचारी गायब हो जाते हैं।
उसे संदेह था कि इतनी सुरक्षा के बावजूद मकान के अंदर काफी सामान होगा। इसी वजह से उसने आवास को निशाना बनाया और चोरी की वारदात को अंजाम देकर चला गया। कालोनी के गेट पर मौजूद सुरक्षा गार्डों को भी इसकी भनक नहीं लगी। अमित पैदल हाथ में पालीथीन लटकाए हुए जाते हुए दिखाई दिया।
