मेरठ: खंडहर में मिला चोरी की बाइकों का जखीरा, अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश; चार गिरफ्तार
Meerut News: पल्लवपुरम पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही ...और पढ़ें

पुलिस गिरफ्त में आरोपित और बरामद बाइकें।
HighLights
मेरठ पुलिस ने वाहन चोर का गिरोह का पर्दाफाश किया।
चार गिरफ्तार आरोपिताें के पास से दो तमंचे भी मिले।
जागरण संवाददाता, मेरठ। पल्लवपुरम पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों की निशानदेही पर एनसी कालोनी स्थित खंडहरनुमा मकानों से चोरी की 15 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
गिरफ्तारी के समय दो चोरी की बाइक और दो तमंचे व दो जिंदा कारतूस भी मिले। कुल 17 मोटरसाइकिलें बरामद हुई हैं। इनमें मेरठ के अलावा मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमों से संबंधित बाइक भी शामिल हैं।
सोमवार को पुलिस ललसाना चौराहे पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चार संदिग्धों को पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपितों की पहचान प्रियांशु पुत्र सुंदर निवासी भगवानपुर थाना इंचौली, दक्ष पुत्र दिनेश निवासी लावड़, आदित्य सैनी पुत्र कृष्णपाल सैनी निवासी लावड़ और विराज पुत्र मिंटू कुमार निवासी भगवानपुर के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान प्रियांशु और दक्ष के कब्जे से 315 बोर के एक-एक तमंचे और एक-एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। वहीं दो चोरी की मोटरसाइकिलें भी मिलीं। पूछताछ में आरोपितों ने संगठित गिरोह बनाकर पल्लवपुरम और दौराला के अलावा मुजफ्फरनगर व सहारनपुर के विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की।
इसके बाद पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर एनसी कालोनी में खंडहरनुमा मकानों में दबिश दी। यहां छिपाकर रखी गई 15 और मोटरसाइकिलें बरामद हो गईं। पुलिस ने बरामद वाहनों की जांच की तो पल्लवपुरम, दौराला, खतौली (मुजफ्फरनगर) और देवबंद (सहारनपुर) थानों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से उनका संबंध सामने आया।
संगठित अपराध की धारा भी बढ़ाई
बरामदगी और विवेचना के आधार पर संबंधित मुकदमों में धारा 317(2), 317(5) बीएनएस के साथ संगठित अपराध से संबंधित धारा 112 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। वहीं तमंचे बरामद होने पर प्रियांशु और दक्ष के विरुद्ध धारा 3/25 आयुध अधिनियम के तहत भी मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
