विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान के बाद मेरठ में पुलिस अलर्ट, हिन्दू सुरक्षा संगठन के अध्यक्ष को किया नजरबंद

By Sushil Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Tue, 29 Sep 2026 03:15 PM (IST)

Meerut News: मेरठ के केसरगंज मंडी में मस्जिद में कथित अवैध निर्माण के विरोध में हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान ...और पढ़ें

मेरठ में केसरगंज मस्जिद के बाहर तैनात पुलिस।

मेरठ में केसरगंज मस्जिद के बाहर तैनात पुलिस।

HighLights

  1. मस्जिद में नमाज के लिए बाहर से आने वाले लोगों को भी वहां पहुंचने की अनुमति नहीं दी।

  2. मस्जिद के पदाधिकारी ही पहुंचे, विरोध के चलते क्षेत्र में कई दुकानदारों ने दुकानें नहीं खोलीं।

जागरण संवाददाता, मेरठ। हिन्दू रक्षा दल की ओर से केसरगंज मंडी स्थित एक मस्जिद में कथित अवैध निर्माण के विरोध में मंगलवार को हनुमान चालीसा पाठ के ऐलान के बाद पुलिस-प्रशासन अलर्ट रहा।

हिन्दू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी मेरठ नहीं पहुंचे, जबकि संगठन के उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष ललित कुमार को टोल पर ही रोक दिया गया। अखिल भारतीय हिन्दू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही को पुलिस ने नजरबंद कर दिया।

केसरगंज मंडी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाते हुए पुलिस बल तैनात किया गया। स्थिति को देखते हुए मस्जिद में नमाज के लिए बाहर से आने वाले लोगों को भी वहां पहुंचने की अनुमति नहीं दी गई। मस्जिद के पदाधिकारी ही मौके पर पहुंचे। वहीं, विरोध के चलते क्षेत्र में कई दुकानदारों ने अपनी दुकानें नहीं खोलीं।

इसी बीच सचिन सिरोही ने वीडियो जारी कर कहा कि यदि मंगलवार को मेरठ के केसरगंज मंडी स्थित हिन्दू मोहल्ले में हिन्दू हनुमान चालीसा का पाठ नहीं कर सकते तो बाहर से आकर कथित अवैध मस्जिद में नमाज पढ़ने की अनुमति भी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने कथित अवैध निर्माण को सील करने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर बुलडोजर कार्रवाई की मांग की। पुलिस-प्रशासन ने पूरे मामले में एहतियात के तौर पर केसरगंज क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाई और बाहरी लोगों की आवाजाही पर निगरानी रखी।

यह है मामला 

केसरगंज मंडी में मंगलवार (आज) मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पढ़ने की वीडियो वायरल होने पर सोमवार को मुस्लिम समाज के लोग मुतवल्ली के साथ एसपी (अपराध) से मिले थे। मुतवल्ली ने प्रार्थना पत्र देकर मस्जिद पर हनुमान चालीसा पढ़ने का वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराकर गिरफ्तारी की मांग की।

पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर मस्जिद के बाहर बैरियर लगाकर पुलिस तैनात कर दी थी। मस्जिद के मुतवल्ली जुबैर ने बताया कि पिछले कई दिन से कुछ लोगों का वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें वह खुद को हिंदू संगठन के पदाधिकारी बताते हुए कह रहे हैं कि मंगलवार (आज) शाम छह बजे मस्जिद के बाहर हनुमान चालीसा पाठ होगा।

वह कह रहे हैं कि यदि शासन-प्रशासन मस्जिद को नहीं हटाएंगे। वह खुद अपने साथियों संग मिलकर मस्जिद को हटा देंगे। इस वीडियो सचिन सिरोही नाम के व्यक्ति के वाट्सएप से विभिन्न ग्रुपों में भेजा जा रहा है। मुतवल्ली ने एसपी (अपराध) अवनीश कुमार को प्रार्थना पत्र देकर वीडियो वायरल करने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

एसपी सिटी विनायक भोसले ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर मस्जिद के बाहर बैरियर लगा दिए है। मस्जिद के पास बाहरी लोगों के आवागमन पर रोक लगा दी गई। यदि कोई भी व्यक्ति माहौल बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।