विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ में प्रतिबंधित मांझे का कहर जारी, स्कूटी सवार छात्र का गला कटा; खून से लथपथ होकर गिरा

By Vinod Phogat Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Mon, 15 Jun 2026 06:42 PM (GMT+05:30)

Meerut News: मेरठ के शास्त्रीनगर में प्रतिबंधित मांझे से स्कूटी सवार छात्र श्रेष्ठ का गला कट गया। गंभीर रूप से घायल छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. शास्त्रीनगर ई-ब्लाक नाले के पुल के पास हुआ हादसा।

  2. स्कूटी से गढ़ रोड पर कोचिंग के लिए जा रहा था छात्र।

जागरण संवाददाता, मेरठ। शास्त्रीनगर ई-ब्लाक नाले के पुल के पास दवा व्यापारी के स्कूटी सवार 15 वर्षीय बेटे का प्रतिबंधित मांझे से गला कट गया। गले से प्रतिबंधित मांझा लिपटने से किशोर स्कूटी से गिर पड़ा। राहगीरों ने हादसे की जानकारी पुलिस को दी।

पुलिस ने तत्काल घायल किशोर को गंभीर हालत में आनंद अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, घटना की जानकारी होने पर स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए।

मेडिकल क्षेत्र की अग्रसेन विहार कालोनी निवासी राजीव रंजन दवा का व्यापार करते है। उनके एक बेटा 15 वर्षीय श्रेष्ठ और आठ वर्षीय बेटी विवाया है। सोमवार सुबह करीब नौ बजे श्रेष्ठ स्कूटी से गढ़ रोड पर कोचिंग के लिए जा रहा था। जब वह ई-ब्लाक नाले के पुल के निकट पहुंचा तो अचानक उसके गले पर प्रतिबंधित मांझा लिपट गया।
जब तक श्रेष्ठ कुछ समझ पाता उसके गला कट चुका था और वह खून से लथपथ हो गया। हादसे में वह लड़खड़ा कर स्कूटी से नीचे गिर पड़ा।

गनीमत यह रही कि स्कूटी से गिरने पर उसके सिर में चोट नहीं आई। अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। राहगीरों ने घायल श्रेष्ठ को संभाला और मेडिकल थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर उसे गंभीर हालत में आनंद अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पर चिकित्सकों ने उसका उपचार किया।

पुलिस ने घटना की जानकारी स्वजन को दी। स्वजन भी अस्पताल पहुंच गए। थाना प्रभारी सतवीर सिंह अत्री का कहना है कि श्रेष्ठ की हालत ठीक है। अभी वह अस्पताल में ही भर्ती है।

कब-कब हुए हादसे

सात जनवरी 2025 : शास्त्रीनगर में प्रतिबंधित मांझे से गर्दन कटने से सुहेल की मौत हुई।
आठ जनवारी 2025 : बाजार जाते समय पिता व दो वर्षीय बच्ची का गला कटा।
15 जनवरी 2025 : बुढाना गेट चाैकी की छत पर प्रतिबंधित मांझे में उतरे करंट से 10 वर्षीय बालिका की मौत हुई।
दो फरवरी 2025 : मोहनपुरी नाले पर प्रतिबंधित मांझे से स्कूटी सवार दो भाई घायल हुए।
19 फरवरी 2025 : गोलाकुआं पर प्रतिबंधित मांझे से बाइक सवार युवक का गला कटा। 12 टांके लगे।
25 जनवरी 2026 : दिल्ली-दून हाईवे पर गांव मटौर निवासी सहदेव का प्रतिबंधित मांझे से गला कटा। 32 टांके आए।