Meerut News: जसवंत राय ट्रस्ट में गबन के मामले में नूतन गुप्ता की कोठी पर चस्पा कुर्की का नोटिस
Jaswant Rai Trust मेरठ में जसवंत राय ट्रस्ट में गबन के मामले में कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने साकेत स्थित नूतन गुप्ता की कोठी पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया। नूतन गुप्ता पर करीब एक करोड़ रुपये के गबन का आरोप है।
मेरठ, जागरण संवाददाता। Jaswant Rai Hospital मेरठ में जसवंत राय ट्रस्ट में गबन के मामले में शिकंजा कसता जा रहा है। मंगलवार को कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइंस पुलिस ने साकेत स्थित नूतन गुप्ता की कोठी पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया। पिछले साल नवंबर में कोर्ट के आदेश पर गबन का मुकदमा दर्ज किया था।
19 साल तक चेयरमैन रहीं
ट्रस्ट के चेयरमैन अशोक गुप्ता ने बताया कि शीला गुप्ता सुशीला जसवंत राय मेटरनिटी अस्पताल की 19 साल तक चेयरमैन रहीं। उन्होंने अपनी बेटी व अस्पताल की तत्कालीन सचिव नूतन गुप्ता के साथ साजिश करके करीब एक करोड़ का गबन किया था। नूतन गुप्ता जमानत याचिका खारिज होने के बाद विदेश चली गई थीं।
कोर्ट में नहीं हुई उपस्थित
अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट पंचम की अदालत से उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हो गए थे। कोर्ट में हाजिर ना होने पर कुर्की की प्रक्रिया शुरू की गई थी। हालांकि शीला गुप्ता को हाई कोर्ट से सशर्त जमानत मिली हुई थी। उनको हर तारीख पर कोर्ट में हाजिर होने का आदेश दिया गया था, लेकिन वह कोर्ट में उपस्थित नहीं हो रही थी।
नूतन गुप्ता विदेश में है
इसके चलते सोमवार को कोर्ट ने वारंट जारी कर दिया। अधिवक्ता आरके जैन ने बताया कि नूतन गुप्ता विदेश में हैं, इसलिए उनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कराने का प्रयास किया जाएगा। सीओ सिविल लाइंस देवेश सिंह ने बताया कि मुनादि कराकर नूतन गुप्ता के घर पर कुर्की का नोटिस चस्पा किया गया।
लालकुर्ती पुलिस ने तीन महिला चोर पकड़ी
मेरठ : लालकुर्ती पैंठ बाजार में आदर्शनगर निवासी पुनीत शर्मा और अब्दुल्लापुर निवासी नबील की कपड़ों की दुकान हैं। मंगलवार को महिला चोरों ने पहले पुनीत शर्मा की दुकान पर सामान चोरी कर लिया। इसके बाद नबील की दुकान को निशाना बनाया। व्यापारियों ने तीनों को पकड़ लिया। महिला व्यापारियों ने उनकी पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस उनको थाने ले गई। वहीं, सदर बाजार पुलिस ने एक घंटे के अंदर ही चोरी के आरोपी तालिब निवासी टीकाराम कालोनी कंकरखेड़ा को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक कंप्रेशर पावर मोटर बरामद किया है।