मेरठ: एक करोड़ की लागत से बनी नई सड़क से अब सफर होगा आसान, जाम और हादसों से मिलेगी निजात
Meerut News: मेरठ के पल्लवपुरम में लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से 900 मीटर लंबी तारकोल की नई सड़क ...और पढ़ें

पल्लवपुरम फेस-वन और फेस-दो के बीच पल्हैड़ा पैंठ बाजार से एलआइसी दफ्तर तक बनी सड़क। जागरण
HighLights
गड्ढों और जलभराव से मिलेगी राहत, लंबे समय से उठ रही थी निर्माण की मांग।
दोनों ओर इंटरलाकिंग का काम जल्द होगा शुरू, विधायक निधि से हुआ निर्माण।
जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। पल्लवपुरम फेस-दो और फेस-वन को जोड़ने वाली पल्हैड़ा पैंठ बाजार चौक से एलआइसी दफ्तर तक करीब तारकोल की काली सड़क का निर्माण कराया गया है। करीब 900 मीटर लंबी इस सड़क पर लगभग एक करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। लंबे समय से जर्जर सड़क की समस्या झेल रहे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को अब राहत मिलने की उम्मीद है।
पल्लवपुरम फेस-दो डिवाइडर मोड़ से फेस-वन की ओर जाने वाली सड़क पल्हैड़ा के मुख्य मार्ग को भी जोड़ती है। पल्हैड़ा की मुख्य सड़क पर साप्ताहिक पैंठ बाजार भी लगता है। वर्षों से सड़क पर जगह-जगह गड्ढे थे। बजरी भी दूर तक सड़क पर बिखरी रहती थीं, जिसमें फिसलकर कई दोपहिया वाहन चाह, साइकिल सवार भी चोटिल हो चुके हैं। कई महीने पूर्व सड़क के एक साइड में नाले का निर्माण कराया गया था, तब भी स्थानीय निवासियों और व्यापारियों ने मुख्य सड़क का निर्माण कराने की मांग की थी।
नगर निगम में लेट लतीफी के कारण सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा था। स्थानीय पार्षद विक्रांत ढाका ने मामला कैंट विधायक अमित अग्रवाल के सामने रखा, जिसके बाद पिछले दिनों सड़क की पैमाइश कर टेंडर निकाला गया, जिसमें एक करोड़ रुपये की लागत से विधायक निधि के द्वारा सड़क का निर्माण कराया गया। सड़क के दोनों तरफ अभी इंटरलाकिंग का कार्य होना बाकी है, जो जल्द शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है।
पल्लवपुरम फेस-वन निवासी व्यापारी राजेश कांत जैन, पल्हैड़ा निवासी शीलेंद्र शास्त्री, पल्लवपुरम-रुड़की रोड व्यापार संघ अध्यक्ष देवेंद्र चौहान आदि का कहना है कि सड़क का निर्माण होने से आवागमन बाधित नहीं होगा, हाईवे पर जाम लगने के बाद पैंठ बाजार के रास्ते से ही वाहन गुजरते हैं।
दोनों ओर इंटरलॉकिंग का काम भी होगा
वार्ड-57 के स्थानीय पार्षद विक्रांत ढाका ने बताया कि विधायक निधि से करीब एक करोड़ रुपये की लागत से सड़क का निर्माण कराया गया है। इसकी लंबाई लगभग 900 मीटर है। तारकोल की काली सड़क तैयार हो चुकी है और जल्द ही दोनों ओर इंटरलॉकिंग का कार्य भी शुरू कराया जाएगा। सड़क की चौड़ाई 18 मीटर है। क्षेत्र की अन्य सड़कों का निर्माण कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इनके कार्य भी जल्द शुरू होने की उम्मीद है।
