मेरठ में नौ बीघा जमीन के लिए मामा का अपहरण, नाना को मारी गोली; नौ के खिलाफ मुकदमा दर्ज
मेरठ में नौ बीघा जमीन के विवाद में भांजे ने अपने अविवाहित मामा का अपहरण कर लिया। विरोध करने पर ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
ममेरे भाई की नानी, मामा-मामी पर किया लाठी-डंडों से हमला।
पीड़ितों ने आरोपितों पर कार्रवाई की मांग को लेकर किया हंगामा।
जागरण संवाददाता, मवाना (मेरठ)। नौ बीघा जमीन के लिए भांजे ने अपने अविवाहित मामा का अपहरण कर लिया। अपहरण के दौरान ममेरे भाई के नाना व मामा ने विरोध किया तो आरोपित ने उन पर लाठी-डंडों से हमला करते हुए फायरिंग कर दी। गोली ममेरे भाई के नाना को लगी और मारपीट में अन्य चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आरोपितों पर कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर किया।
पुलिस ने तीन नामजद व नौ अज्ञात के खिलाफ अपहरण व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, पुलिस ने बुजुर्ग को गोली लगने से इन्कार किया है। हापुड़ के गांव खड़खड़ी के रहने वाले 18 वर्षीय हर्षित त्यागी ने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले उसके पिता कपिल त्यागी की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। कुछ समय बाद उसकी मां परवीना की भी मौत हो गई थी।
तब से वह अपने नाना सुरेंद्र कुमार निवासी कुंआखेड़ा थाना परीक्षितगढ़ के पास रहने लगा था। उसके 55 वर्षीय अविवाहित ताऊ प्रदीप उर्फ पिंटू गांव में ही रहकर उसके व अपने हिस्से की नौ बीघा जमीन पर खेतीबाड़ी करने लगे। कुछ समय पहले प्रदीप को बुआ ललिता निवासी जागौड़ थाना छपरौली बागपत अपने पास ले गई थी।
गत 26 अगस्त को ताऊ प्रदीप उसके पास नाना के घर आ गए। आरोप है कि गुरुवार देर शाम बुआ का बेटा अर्पित चार कारों से अपने 10-12 हथियारबंद दोस्तों के साथ यहां आया। आरोपितों ने उन्हें बंधक बनाकर ताऊ को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपितों ने तमंचा व पिस्टल दिखाते हुए उसकी 55 वर्षीय मामा की बेटी गुड्डो का अपहरण करने की धमकी दी। जिस पर नाना सुरेंद्र कुमार, नानी ज्ञानवती, मामा सोनू, मामी गोल्डी व गुड्डो ने विरोध किया।
जिस पर आरोपितों ने तमंचे व पिस्टल की बट और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिसमें सभी लोग लहूलुहान हो गए। इसके बाद आरोपित ताऊ को गाड़ी में डालकर अपहरण कर ले गए। वहीं, जाते हुए एक हमलावर ने फायरिंग कर दी। गोली उसके नाना के कूल्हे में जा लगी। घटना की जानकारी होने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया।
जहां से चार लोगों ज्ञानवती, सुरेंद्र, गुड्डो व सोनू को मेडिकल कालेज के अस्पताल में रेफर कर दिया गया। गोल्डी को एकता हास्पिटल में भर्ती काराया। आरोपितों पर मुकदमा दर्ज नहीं होने पर शुक्रवार को पीड़ित ने ग्रामीणों संग थाने पर हंगामा कर दिया। पुलिस ने अर्पित, उसके पिता अनिल, राजू प्रधान व नौ अज्ञात के खिलाफ अपहरण व मारपीट का मुकदमा दर्ज किया है।
अर्पित भी लगा चुका हर्षित पर मामा के अपहरण का आरोप
26 अगस्त को जब प्रदीप हर्षित के पास रहने आया था तब अर्पित ने मामा का अपहरण करने का आरोप लगाया था। आरोप था कि हर्षित 8-10 आठ-दस लोगों के साथ प्रदीप का अपहरण करके ले गया है। इस मामले में छपरौली पुलिस जांच के लिए आई थी। पूछताछ में प्रदीप ने अपनी इच्छा से भतीजे के साथ आने की बात कही थी।
इन्होंने कहा
नौ बीघा जमीन के विवाद में मामा को ले जाने के दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई है। इस मामले में तीन नामजद व नौ अज्ञात के खिलाफ मारपीट व अपहरण का मुकदमा दर्ज किया है। सुरेंद्र को गोली लगने की बात गलत है। उसके कूल्हे में किसी नुकीली चीज से घाव हुआ है।
-केदारनाथ सिंह, एसओ परीक्षितगढ़।
